
RGA News मेरठ
मेरठ-करनाल हाईवे पर गुरुवार शाम ईकड़ी तिराहे के निकट तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खाई में जा पलट गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि कार सवार लोगों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की ओर से थाने में घटना की तहरीर दी गई है।
भदौड़ा गांव निवासी कालूराम शर्मा (60) पुत्र बाबूराम गांव के ही नवीन पुत्र कृष्णपाल के साथ बाइक से सरधना आया था। शाम करीब पौने चार बजे दोनों लौट रहे थे। ईकड़ी तिराहे पर शामली की तरफ से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार भी सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल कालूराम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों के अनुसार कार सवार तीन लोगों को भी काफी चोटे आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार सवार घायलों और नवीन को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए कंकरखेड़ा के कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद करनाल हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने लोगों को हटाकर जाम खुलवाया। दूसरी ओर मृतक के परिजनों ने थाने में कार चालक के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।