![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/09_01_2022-up_chunav_2022_22366193.jpg)
RGAन्यूज़
UP Assembly Election 2022 अतीत में झांके तो 2017 के विधानसभा चुनाव में शहर की तीनों विधानसभा सीट इलाहाबाद उत्तरी दक्षिणी और पश्चिमी भाजपा की झोली में आई थीं। इन पर क्रमश हर्षवर्धन वाजपेई नंद गोपाल गुप्त नंदी व सिद्धार्थनाथ सिंह ने जीत दर्ज
2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने आठ, बसपा ने दो, सपा ने एक, अपना दल ने एक सीट जीती थी।
प्रयागराज,। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के सियासी समर की दुंदुभी बज चुकी है। सभी दल एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। भाजपा अपने पिछले रिकार्ड 12 में से आठ सीटों को जीत कर दोबारा परचम लहराना चाहेगी तो सपा और बसपा भी मजबूत चुनौती देने की जोड़ तोड़ में लगे हैं। इन सब के साथ आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक जैसे क्षेत्रीय दल भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की फिराक में हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कुछ दलों ने कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। इस लिहाज से कह सकते हैं कि वह एक कदम आगे चल रहे हैं।
विधानसभा चुनाव 2017 में जीत के आंकड़े
अतीत में झांके तो 2017 के विधानसभा चुनाव में शहर की तीनों विधानसभा सीट इलाहाबाद उत्तरी, दक्षिणी और पश्चिमी भाजपा की झोली में आई थीं। इन पर क्रमश: हर्षवर्धन वाजपेई, नंद गोपाल गुप्त नंदी व सिद्धार्थनाथ सिंह ने जीत दर्ज की थी। इन्होंने क्रमश: कांग्रेस से अनुग्रह नारायण सिंह, सपा के हाजी परवेज अहमद टंकी व सपा की ऋचा सिंह को शिकस्त दी थी। इसके अतिरिक्त बारा में भाजपा के डा. अजय कुमार ने सपा के अजय भारतीया, मेजा में भाजपा की नीलम करवरिया ने सपा के राम सेवक पटेल, कोरांव में भाजपा के राजमणि कोल ने कांग्रेस के राम कृपाल को भारी अंतर से हराया था।
इलाहाबाद उत्तरी व कोरांव सीट पर ही भाजपा को कांग्रेस ने दी थी टक्कर
विधानसभा 2017 के चुनाव में फाफामऊ विधानसभा सीट पर भाजपा के विक्रमाजीत मौर्य ने सपा के अंसार अहमद को हराया था। फूलपुर सीट पर भाजपा के प्रवीण सिंह पटेल ने सपा के मंसूर अहमद को शिकस्त दी तो करछना में सपा के उज्वल रमण सिंह ने भाजपा के पीयूष रंजन निषाद को हराया। जिले में इलाहाबाद उत्तरी व कोरांव सीट पर ही भाजपा को कांग्रेस ने टक्कर दी थी।
पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा को दो सीटें मिली थीं
विधानसभा 2017 के चुनाव में अन्य जगहों पर सपा व बसपा से भाजपा को चुनौती मिली। सोरांव विधानसभा सीट 2017 में अपना दल के खाते में गई थी। यहां से अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष डा. जमुना प्रसाद सरोज ने बसपा की गीता देवी को हराया। इस सीट पर भाजपा ने अपना दल से समझौता के चलते उम्मीदवार नहीं उतारा था। इसी तरह हंडिया और प्रतापपुर सीट पर भी भाजपा ने प्रत्याशी नहीं उतारे। ये दोनों सीटें अपना दल एस को गठबंधन के चलते दी गई थीं। यहां बसपा के हाकिम लाल बिंद ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपना दल एस की प्रमिला देवी को हराया था। प्रतापपुर विधानसभा सीट पर बसपा के मुजतबा सिद्दीकी ने अपना दल के करन सिंह को मात दी थी।
बसपा, प्रसपा व आप ने की है प्रत्याशियों की घोषणा
बसपा ने अब तक छह सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इनमें मेजा से सर्वेश तिवारी (बाबा तिवारी), कोरांव से राजबलि जैसल, हंडिया से नरेंद्र त्रिपाठी, शहर उत्तरी से संजय गोस्वामी, प्रतापपुर से घनश्याम पांडेय, फूलपुर से रामतौल मैदान में उतरेंगे। उधर जन सत्ता दल लोकतांत्रिक की तरफ से सोरांव में डा. सुधीर राय और फाफामऊ से लक्ष्मी नारायण जायसवाल ताल ठोक रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने भी शहर दक्षिणी से डा. अलताफ अहमद, पश्चिमी से सुष्मिता राघव, हंडिया से पवन तिवारी, शहर उत्तरी से संजीव मिश्र, शहर दक्षिणी से डा. अलताफ अहमद को मैदान में उतारा गया है। सपा, भाजपा और कांग्रेस ने अभी कहीं से भी पत्ते नहीं खोले हैं।