

RGA न्यूज़
तराई का जिला पीलीभीत भीषण शीतलहर की चपेट में आ गया है। इसका जनजीवन पर काफी असर पड़ रहा है। सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम है। बाजार में भी दुकानें देर से खुल रहीं और ग्राहक भी नजर नहीं आ रहे।
शीतलहर से कांपा पीलीभीत, जानिए मौसम का हाल, कब होगी बारिश, कब छाएंगे बादल
बरेली, तराई का जिला पीलीभीत भीषण शीतलहर की चपेट में आ गया है। इसका जनजीवन पर काफी असर पड़ रहा है। सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम है। बाजार में भी दुकानें देर से खुल रहीं और ग्राहक भी नजर नहीं आ रहे। मौसम विभाग ने अभी अगले दो दिन तक और इसी तरह शीतलहर का प्रकोप जारी रहने की संभावना बताई है।
रविवार को सुबह से ही आसमान पर कोहरा और बादल जमे हुए हैं। साथ ही हल्की हवा चलने से वातावरण में गलन है। शनिवार को दोपहर बाद से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था। उत्तर पश्चिमी हवा चल जाने से शाम ढले गलन बढ़ने लगी। ऐसे में बाहर निकले लोग अपना काम निपटाकर जल्दी घरों की ओर रवाना हो गए। रात गहराने के साथ ही ठंड का प्रभाव भी बढ़ता गया। रविवार को सुबह ठंड में कोई कमी नहीं आई। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डा. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार शनिवार की रात न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
डा. ढाका के मुताबिक रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने पंतनगर स्थित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हवाले से बताया कि अभी अगले दो दिन तक भीषण शीतलहर से किसी राहत नहीं मिलेगी। दिन में दोपहर तक कोहरा आसमान पर जमा रहेगा। इसके बाद धूप तो खिलेगी लेकिन उसमें कोई विशेष गर्माहट नहीं होगी। वातावरण में ठिठुरन बन रहेगी। इसके बाद 22, 23 और 24 जनवरी को आसमान पर एक बार फिर बादल उमड़ेंगे और कहीं कहीं बारिश भी होने की संभावना है।