![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/16_01_2022-temple_ptp_22386808.jpg)
RGA न्यूज़
शनिवार की रात करीब आठ बजे मंदिर बंद करके पुजारी पास में स्थित अपने कमरे में सोने चले गए। रविवार को भोर मेंं करीब पांच बजे जलेशरगंज बाजार की रहने वाली कांती देवी मंदिर की सफाई करने पहुंची तो ताला टूटा देखा अवाक रह गईं
आक्रोशित व्यापारियों ने बंद रखी जलेशरगंज में दुकानें और लगाया जाम
प्रतापगढ़, कोतवाली लालगंज क्षेत्र के जलेशरगंज बाजार स्थित प्राचीन मंदिर का ताला तोड़कर चोर देवी-देवताओं की अष्टधातु की चार मूर्ति चुरा ले गए। यही नहीं पास स्थित एक अन्य मंदिर से 12 घंटे चोर उठा ले गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर व्यापारियों व स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया। घटना के विरोध में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। पुलिस मंदिर के पुजारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
करीब दो सौ साल पुराना है मंदिर
जलेशरगंज बाजार में व्यापारी मैकूलाल केसरवानी ने करीब 197 वर्ष पहले राम जानकी मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर में भगवान श्रीराम, माता जानकी, भगवान कृष्ण व राधा जी की अष्टधातु से बनी चार मूर्ति स्थापित की थी। इसके साथ ही इसी परिसर में भगवान शिव व हनुमान जी का भी मंदिर है। इस समय पुजारी विनोद कुमार पांडेय निवासी सराय भागमानी, लालगंज मंदिर में पूजा पाठ करते हैं।
रात में मंदिर में ताला बंद रहता है। कोई रखवाली नहीं करता है। शनिवार की रात करीब आठ बजे मंदिर बंद करके पुजारी पास में स्थित अपने कमरे में सोने चले गए। रविवार को भोर मेंं करीब पांच बजे जलेशरगंज बाजार की रहने वाली कांती देवी मंदिर की सफाई करने पहुंची तो ताला टूटा देखा अवाक रह गईं। उन्होंने इसकी सूचना पुजारी व अन्य लोगों को दी।
मंदिर से मूर्ति चोरी की जानकारी होते मौके पर व्यापारियों व स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के विरोध में लोग लालगंज-जलेशरगंज मार्ग पर खड़े होकर आक्रोश जताने लगे। जाम लगने की सूचना पर पहुंचे कोतवाल कमलेश पाल के समझाने पर लोग किसी तरह माने। इस घटना में मंदिर के संरक्षक आशीष मोदनवाल पुत्र राजेंद्र मोदनवाल ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
उधर, शनिवार की ही रात जलेसरगंज में ही स्थित बाबा जोगेश्वरनाथ मंदिर में लगे पीतल के 12 घंटे भी चोर खोल ले गए। कोतवाल कमलेश का कहना है कि मंदिर के संरक्षक आशीष मोदनवाल ने तहरीर दी है। मंदिर के पुजारी को कोतवाली लाकर पूछताछ की जा रही है। मुकदमा दर्ज करके जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
व्यापारियों से मिले प्रमोद
मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियों की चोरी होने पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष गौरव केसरवानी, प्रधान ओम प्रकाश जायसवाल सेठई, व्यापारी प्रमोद गुप्ता, विजय चंद्र केसरवानी, शंकर मोदनवाल आदि ने नाराजगी जताई। इस बीच घटना की जानकारी होने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित व्यापारियों को समझाया। पुलिस के अफसरों से फोन पर बात करके घटना के सही आरोपित की जल्द गिरफ्तारी करने की बात कही।
जलेशरगंज स्थित मंदिर में अष्टधातु मूर्ति की चोरी हो जाने की जानकारी हुई है। मामले में सीओ से वार्ता की गई है। घटना का जल्द ही राजफास हो जाएगा।