![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/05_10_2022-bareilly_parshad_23119826.jpg)
RGAन्यूज़ संवाददाता मुकेश प्रताप सिंह
बरेली संवाददाता:- सपा संरक्षक और पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद पूरे देश में उनके शुभचिंतक जल्द स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं। कोई मंदिर में अनुष्ठान कर रहा तो कोई दरगाह पहुंच कर दुआएं पढ़ रहा है।
बरेली के तीन पार्षदों ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव (Akhilesh Yadav) को पत्र लिखकर अपनी किडनी दान करने की घोषणा की है। पार्षदों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ महासचिव, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के निदेशक को भी पत्र लिखा है।
शहर के वार्ड 49 शास्त्रीनगर से पार्षद गौरव सक्सेना, वार्ड 52 बानखाना से पार्षद शमीम अहमद और वार्ड 15 हजियापुर से पार्षद रईस मियां अब्बासी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखा हैं। तीनों ने कहा कि वह कई वर्ष से सपा से जुड़े हैं। समाचार पत्रों के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के तबीयत खराब होने की सूचना मिली। इससे वह सभी दुखी हैं। अपने नेता के लिए वह जरूरत पड़ने पर अपनी किडनी दान करने के लिए भी तैयार हैं।
जन्मदिन पर करते रहे हैं रक्तदान, अब किडनी के लिए आए आगे
पार्षद गौरव सक्सेना ने दैनिक जागरण से बात करते हुए बताया कि वह सपा से छात्र राजनीति (Student Politics) से जुड़े हैं। समाजवादी आंदोलन करने वाले नेताजी से प्रेरित होकर वह सपा में आए। जब से नेताजी के तबीयत खराब होने की सूचना मिली है तभी से पार्टी के कार्यकर्ताओं संग यज्ञ-हवन और पूजन-अर्चन कर रहे हैं।
पूर्व में भी उनके जन्मदिन पर कई वर्ष से रक्तदान करते आ रहे हैं। पार्षद शमीम अहमद ने कहा कि वह सपा से निवर्तमान महानगर उपाध्यक्ष हैं। सपा संस्थापक उनके अभिभावक समान हैं, उनके लिए किडनी दान करना गर्व की बात होगी। वहीं पार्षद रईस मियां अब्बासी ने भी कहा कि उनके लिए गरीबों और दबे कुचलों की आवाज उठाने वाले मुलायम सिंह यादव उनके लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। उनके लिए किडनी दान कर गौरवांवित महसूस करेंगे।
जल्द ही मेदांता जाएंगे तीनों पार्षद
पार्षद रईस मियां अब्बासी, गौरव सक्सेना और शमीम अहमद ने बताया कि नेताजी के स्वास्थ्य को लेकर वह लगातार वरिष्ठ नेताओं से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। कहा कि जल्दी ही तीनों पार्षद एक साथ मेदांता अस्पताल जाएंगे और नेताजी से मुलाकात करेंगे।