कैबिनेट के कुंभ स्नान पर बोले राज बब्बर- 'राम तेरी गंगा मैली हो गई'​

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ संवाददाता,लखनऊ

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर (Raj Babbar) ने बुधवार को राज्य की भाजपा सरकार पर कटाक्ष किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कैबिनेट के कुंभ स्नान पर पुराने फिल्मी गीत के बोल पढ़े। कहा...हम तो यही कहेंगे ..राम तेरी गंगा मैली हो गई, पापियों के पाप धोते धोते। राज बब्बर यहां राजाजीपुरम के ब्लॉक स्थित सिद्धेश्वरी शक्ति पीठ में तहरी भोज में शामिल होने आए थे।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की हुंकार रैली पर भी राज बब्बर ने उनको आड़े हाथों लिया। कहा कि हुंकार से अमित शाह अपना ही गला खराब कर रहे हैं। जनता अब कांग्रेस की ओर देख रही है। पांचों राज्यों के चुनाव में जनता ने भाजपा को नकार दिया है। उनकी हुंकार से पार्टी कर्नाटक का चुनाव हार गई। गुजरात में हारते-हारते बचे। तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बन गई। प्रियंका गांधी के प्रदेश की सक्रिय राजनीति में उतरने पर राज बब्बर ने कहा कि यह प्रदेश की जनता का सौभाग्य है।

मिलजुल कर रहें और आपस में खुशियां बांटे
राजाजीपुरम व्यापार मंडल की ओर से बुधवार को कॉलोनी के ब्लॉक स्थित सिद्धेश्वरी शक्ति पार्क में तहरी भोज व स्वागत समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता व अभिनेता राज बब्बर थे। व्यापारियों ने अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। राज बब्बर ने बधाई देते हुए कहा कि व्यापारी मिलजुल कर एक साथ रहें और आपस में खुशियां बांटे। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष गुंजन गुप्ता सहित लगभग एक दर्जन व्यापारियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। समारोह में कांग्रेस के प्रदेश सचिव संतोष श्रीवास्तव सहित राहल शुक्ला संजू, अचल मेहरोत्रा, राम गोपाल सिंह, एडवोकेट वतन सिन्हा, ज्ञानेन्द्र, विभोर अवस्थी, नवीन जायसवाल व अंशु राजपूत पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.