

RGA न्यूज़ बरेली समाचार
बरेली:- मंडल रेल प्रबन्धक, इज्जतनगर सुश्री रेखा यादव ने 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, इज्जतनगर में आयोजित समारोह में 26 जनवरी, 2024 को राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल के जवानों एवं भारत स्काउट.गाइड, टिकट जाँच दल एवं सिविल डिफेंस, इज्जतनगर के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (नरवो), इज्जतनगर द्वारा संचालित विद्यालयों व केन्द्रीय विद्यालय पूर्वोत्तर रेलवे के बच्चों द्वारा पीटी शो एवं योगा अभ्यास से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। परिचालन विभाग सहित अन्य विभाग के कर्मचारियों की टीम द्वारा ’संरक्षा की खोज’ नाटक द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों व जनसमूह को संरक्षित, सुरक्षित एवं समयपालन के साथ रेल संचालन हम कैसे करते है इत्यादि के बारे में सजीव प्रस्तुति दी एवं सिविल डिफेंस की टीम द्वारा आपदा के समय में हताहत लोगों को कैसे बचाया जा सकता है उसका जीवांत झलकियाँ प्रस्तुत की गईं। ताईक्वांडो के बच्चों ने अनेक कर्तव दिखाकर दर्शकों के मस्तिष्क पटल पर अमिट छाप छोड़ी।
उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक सुश्री रेखा यादव ने भारत के 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी को अपने संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। सुश्री रेखा यादव ने सीमा पर तैनात सेना एवं सुरक्षा बल के जवानों के पराक्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए विषम परिस्थितियों में भी देश की एकता एवं अखण्डता को बनाये रखने में अपना अतुलनीय योगदान देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कर्मठ रेल योद्धा जोकि दिन-रात, कड़ी सर्दी, चिलचिलाती धूप एवं घनघोर वर्षा में भी अपनी कत्र्तव्यनिष्ठा से संरक्षित रेल संचलन को सुनिश्चित कर देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हंै, के प्रति सहृदय कृतज्ञता व्यक्त करते हुए मुक्त कंठ से प्रशंसा की। आगे मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि इज्जतनगर मण्डल अपने सम्मानित यात्रियों को समयबद्ध, सुरक्षित, संरक्षित एवं आरामदायक रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित है एवं रेल परिवहन के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए अपने उपयोगकर्ताओं को द्रुतगामी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरन्तर प्रयासरत् है। उन्होंने मंडल द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों के लिए मंडल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समेकित प्रयासों की सराहना तहेदिल से करते हुए आशा व्यक्त की कि वे मंडल को प्रगति के शिखर पर ले जाने में सफल होंगे। मंडल पर हुई प्रगति का लेखा-जोखा साझा करते हुए सुश्री रेखा यादव ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के माह दिसंबर के अंत तक रु. 470.85 करोड़ दर्ज की गई जोकि गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 5.60 प्रतिशत अधिक है। यात्री यातायात से प्राप्त होने वाली आय में भी 17.06 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान माह दिसम्बर, 2023 तक मंडल का कुल माल लदान 1.208 मिलियन टन रहा जोकि गत वर्ष की तुलना में 32.74 प्रतिशत अधिक है। समयपालन की चर्चा करते हुए उन्होंने ने बताया कि मंडल पर अप्रैल से दिसम्बर 2023 तक ट्रेनों का समयपालन 95.06 प्रतिशत रहा जोकि पूर्वोत्तर रेलवे के अन्य सभी मंडलों की तुलना में अधिकतम एवं काफी बेहतर है। रेल विद्युतीकरण पर बोलते हुए सुश्री रेखा यादव ने बताया कि मंडल पर वर्तमान वित वर्ष के दौरान कुरैया से शाहगढ़ तक 27 रुट किमी का विद्युतीकरण किया गया है तथा मंडल पर शेष बचे रेलखण्ड का विद्युतीकरण, आमान परिवर्तन के साथ-साथ इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण कर लिया जायेगा। मंडल की सभी गाड़ियाँ अब विद्युतकृत हो गई हैं, जिससे इस वर्ष लगभग रुपये 250 करोड़ की बचत हुई है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत मंडल के 17 स्टेशनों को चिन्हित किया गया है जिसमें उझानी, बरेली सिटी एवं इज्जतनगर रेलवे स्टेशनों पर लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि वर्ष-2022 में इज्जतनगर मंडल द्वारा रेल परिवहन के विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने पर 6 शील्डें यथा परिचालन, लेखा, कार्मिक, विद्युत वितरण, सर्वश्रेष्ट अनुवेशण, अंतर्मंडलीय कार्यकुशलता प्राप्त हुईं हैं।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री राजीव अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. ए.ए.खान, शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियन एवं एशोसिएशनों के पदाधिकारी, रेल कर्मचारी एवं उनके परिजन भारी संख्या में उपस्थित थे।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मैत्री सामुदायिक केंद्र, इज्जतनगर के प्रेक्षागृह में स्काउट-गाइड एवं केंद्रीय विद्यालय के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।