RGA न्यूज: पुलिस कर्मचारियों ने लिया तंबाकू से दूर रहने का संकल्प

RGA न्यूज इलाहाबाद

जिले के पुलिसकर्मियों को तंबाकू से दूर रहने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस लाइंस स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को तंबाकू से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। इन्हें दूसरों की सुरक्षा के साथ खुद की सुरक्षा पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।

तंबाकू के सेवन से कैंसर व टीबी जैसे घातक बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। दरअसल, इलाहाबाद जिले में तंबाकू का सेवन करने वालों की संख्या अन्य जनपदों की अपेक्षा अधिक है। यही वजह है कि कैंसर के मरीज सबसे ज्यादा इलाहाबाद में हैं। इसी वजह से जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा इलाहाबाद समेत 25 जनपदों में तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ का गठन कर दिया गया है। जनपद में गठित इस प्रकोष्ठ में करीब एक दर्जन से अधिक विशेषज्ञ भी तैनात किए गए हैं। इनके द्वारा पूरे जनपद में तंबाकू से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया जाता है। इसका जल्द ही परिणाम दिखाना शुरू हो जाएगा। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस लाइंस सभागार में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रकोष्ठ की सोशल वर्कर सुमनलता त्रिपाठी ने बताया कि पुलिसकर्मी तो दूसरों की सुरक्षा करते हैं लेकिन अपने स्वास्थ्य की सुरक्षा नहीं कर पाते हैं। इसी उद्देश्य से पुलिस के जवानों के बीच में हम लोगों ने यह आयोजन करने का निर्णय लिया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि समेत करीब 200 से अधिक पुलिस के जवान इसमें शामिल हुए।

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.