
RGA News बिहार दरभंगा
राजकीय उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय माधोपट्टी के शिक्षक रवि रौशन कुमार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गांधी पर्यावरण योद्धा सम्मान 2019 से सम्मानित किया गया है।...
दरभंगा। राजकीय उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय माधोपट्टी के शिक्षक रवि रौशन कुमार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गांधी पर्यावरण योद्धा सम्मान 2019 से सम्मानित किया गया है। नेपाल के जनकपुरधाम में 23 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान उनके पिछले 10 वर्षों में किए गए पर्यावरणीय जागरूकता अभियान जैसे आलेख लेखन, पौधरोपण, विभिन्न परियोजना निर्माण, बच्चों के बीच कार्यशाला का आयोजन आदि के लिए दिया गया है। कार्यक्रम में नेपाल के प्रदेश प्रमुख रत्नेश्वर लाल कायस्थ, बांग्लादेश के प्रतिनिधि अकारामूल हफीज चौधरी सहित श्रीलंका, भारत, नेपाल व बांग्लादेश के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन गांधी पीस फाउंडेशन नेपाल, सेव हिस्टॉरिकल जनकपुर, हिस्ट्री एंड हेरिटेज टूरिज्म बांग्लादेश, पीपल नीम तुलसी भारत, उज्जवल भारत मिशन नई दिल्ली एवं सेव कमला कैंपेन नेपाल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। बता दें कि 2008 में एयर इंडिया की ओर से इन्हें रैंक अवार्ड मिल चुका है। 2010 में अर्थ मैटर्स फाउंडेशन नई दिल्ली की ओर से भी इन्हें इको वैरियर अवार्ड के लिए नामित किया गया था। कुमार के अब तक विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के पत्र पत्रिकाओं में बीस से अधिक आलेख प्रकाशित हो चुके हैं। बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रवि ने अब तक कई परियोजना पर कार्य किया है।