![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA News कोटद्वार
कोटद्वार: लैंसडौन वनप्रभाग की कोटड़ी रेंज में निर्माणाधीन ईको पार्क को सिद्धबली गंग...
कोटद्वार: लैंसडौन वनप्रभाग की कोटड़ी रेंज में निर्माणाधीन ईको पार्क को सिद्धबली गंगा वाटिका के नाम से तैयार किया जाएगा। वाटिका निर्माण के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत 48 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कोटद्वार पहुंचकर वाटिका निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
कोटद्वार क्षेत्र में बच्चों के खेलने के लिए कोई ऐसा मैदान नहीं है, इसे देखते हुए लैंसडौन वन प्रभाग क्षेत्र सिद्धबली गंगा वाटिका के नाम से एक ईको पार्क विकसित कर रहा है। केंद्र ने इस पार्क को नमामि गंगे परियोजना के तहत स्वीकृति देते हुए योजना के लिए 48 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी है। वाटिका का निर्माण रामगंगा की सहायक नदियों खोह और कोल्हू के मध्य में अवस्थित वन भूमि पर किया जा रहा है। मां गंगे का गंगोत्री से गंगासागर तक का सफर आएगा नजर
दस हेक्टेयर से अधिक वन भूमि में बनने वाले इस वाटिका में जहां एक ओर पतित पावनी मां गंगा का गोमुख से गंगा सागर तक का सफर दर्शाया जाएगा, वहीं दूसरी ओर बच्चों के लिए साहसिक गतिविधियों से जुड़े खेल कराए जाएंगे। इनमें रॉक क्लाइबिग, रैपलिग, जिप लाइन, बर्मि ब्रिज सहित कई अन्य खेल खेले जाएंगे। इसके अलावा वाटिका में योग केंद्र सहित कई ऐसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिनका सीधा फायदा आमजन को मिलेगा। वाटिका को इलेक्ट्रिक फेंसिग लाइन से कवर किया जाएगा, ताकि पार्क में जंगली जानवर न घुस पाये।
'नमामी गंगे योजना के तहत प्रस्ताव को केंद्र में भेजा गया था, जिसे केंद्र ने मंजूरी प्रदान कर दी है। वाटिका निर्माण के लिए 48 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
वैभव कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी, लैंसडौन वन प्रभाग'