![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA News
2014 के चुनाव में फिल्मी सितारों में सबसे ज्यादा वोटों से हासिल की थी जीत। साढ़े तीन लाख से ज्यादा वोटों से जयंत चौधरी को हराया था हेमामालिनी ने।...
आगरा:-पिछले लोकसभा चुनाव में बॉलीवुड सितारों को सियासी स्क्रीन खूब भायी। एक नहीं बल्कि बॉलीवुड के 19 कलाकारों ने चुनावी महासमर में अपना भाग्य आजमाया था। मगर, चुनावी बॉक्स ऑफिस पर केवल आठ सितारे ही हिट हुए। इसमें शोले की 'बसंती' हेमामालिनी वोट पाने के मामले में सुपरहिट रहीं थीं। वोटरों ने उन्हें उम्मीद से ज्यादा दुलार दिया।
2014 के लोकसभा चुनाव में राजनीतिक दलों ने जीत के लिए बॉलीवुड स्टार और सेलेब्रिटीज पर दाव खेला। अलग-अलग दल से 19 सितारे सियासी मैदान में उतरे। सबने जीत के दावे किए, लेकिन चुनावी रणभूमि पार कर आठ ही सूरमा संसद तक पहुंच सके।
भाजपा ने मथुरा से हेमा मालिनी पर दांव खेला था। हेमा के सामने रालोद के जयंत चौधरी थे। ऐसे में कांटे की टक्कर मानी जा रही थी। मगर, ब्रजवासियों ने हेमा मालिनी को जमकर वोट दिए। जब मतगणना हुई तो हेमा को जीत तो मिली, लेकिन उनकी जीत का अंतर पूरे देश में चुनाव लड़े सभी सितारों से बहुत अधिक था। ब्रजवासियों के वोटों के चलते उन्होंने प्रतिद्वंदी रालोद सांसद जयंत चौधरी को उनके गढ़ में साढ़े तीन लाख से ज्यादा वोटों से हराया। जीत के अंतर के मामले में फिल्मी सितारों में दूसरे नंबर पर भाजपा के ही शत्रुघ्न सिन्हा रहे थे। बिहार के पटना साहिब में उन्हें 2.65 लाख वोट से जीत मिली थी। यही नहीं मोदी की पसंद पर अहमदाबाद से लड़े परेश रावल ने भी दो लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी।
जीतने वाले स्टार जीत का अंतर
हेमा मालिनी - 3,50567 वोट
शत्रुघ्न सिन्हा - 2,65,805 वोट
परेश रावल - 2,08,412 वोट
मनोज तिवारी - 1.44 लाख वोट
विनोद खन्ना - 136,065 वोट
बाबुल सुप्रियो - 70,480 वोट
किरण खेर - 69,542 वोट
मुनमुन सेन - 58,566 वोट
इन्हें मिली थी हार
गुल पनाग - चंडीगढ़
स्मृति ईरानी - अमेठी
जावेद जाफरी - लखनऊ
नगमा - मेरठ
बप्पी लाहिड़ी - श्रीरामपुर
जयाप्रदा - बिजनौर
राखी सावंत- उत्तर पश्चिम मुंबई
महेश मांजरेकर- उत्तर पश्चिम मुंबई
राज बब्बर - गाजियाबाद
प्रकाश झा - चंपारण
रवि किशन - जौनपुर