लू के थपेड़ों ने किया बेहाल, रात में भी चलती रहीं गर्म हवाएं

Praveen Upadhayay's picture

RGA News

प्रयागराज : इन दिनों सुबह से ही 'सूर्यदेव' तमतमाए नजर आने लगे हैं। सूर्य की किरणें बेहद तल्ख होने से शरीर को भी भेद रही हैं। दोपहर में गर्मी तीव्र होने के कारण बचने के तमाम इंतजाम के बावजूद घर से बाहर निकले लोगों के सिर चकराने लग रहे हैं। लू के थपेड़े शरीर भी झुलसा जा रहा है। वहीं, रात में भी गर्म हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। 

पिछले कुछ दिनों से गर्मी चरम पर पहुंची

पिछले कुछ दिनों से गर्मी अपने चरम पर है। शनिवार को दिनभर पश्चिम की धूलभरी हवाएं चली। इससे लोगों को लू के थपेड़े जरूर सहने पड़े थे, लेकिन उससे सूर्य की तीखी किरणें ज्यादा असरकारी नहीं हो सकी थीं। वहीं रविवार को सुबह से ही हवा नहीं चल रही थी। इससे चिलचिलाती धूप लोगों को बेचैन करने लगी थी। जबर्दस्त गर्मी से बचने के लिए ज्यादातर लोगों ने घर में ही रहना पसंद किया। जिन्हें बहुत जरूरी काम था, वह ही घरों से निकल रहे हैं। वह भी शरीर को ढंक कर ही। फिर भी तीखी गर्मी से बच नहीं सके। घर में पंखे भी गर्म हवा देते रहे। 

भीषण गर्मी में प्यास से सूख रहे गले

भीषण गर्मी के कारण गले सूखे जा रहे थे। आलम यह रहा कि शीतल पेय भी बेअसर साबित हो रहे थे। धूप से सड़कें इतनी गर्म हो गई थीं कि शाम सात बजे के बाद भी धधकती महसूस हो रही थीं। रात में हवाएं चलीं, लेकिन वह गर्म थीं। 

तापमान पर एक नजर

शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई। हालांकि, न्यूनतम तापमान में कमी रिकार्ड की गई। रविवार को अधिकतम पारा 43.4 और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आद्र्रता 44 और न्यूनतम नौ फीसद रही। शनिवार को अधिकतम तापमान 43.3 और न्यूनतम पारा 26.9 डिग्री सेल्सियस था।

Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.