RGA News
गरुड़ : सिमखेत गांव में सोमवार को पुलिस के पहरे में एक शादी हुई। इससे दिन भर गांव में गहमागहमी का माहौल रहा। शांतिपूर्वक बरात संपन्न होने पर पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली।
सोमवार को सिमखेत गांव में आनंद सिंह की पुत्री दीपा का विवाह होना था। दोपहर करीब 11 बजे सोमेश्वर से हरीश सिंह राणा के पुत्र भूपेंद्र राणा की बरात सिमखेत गांव पहुंची। बरात पहुंचने से पहले गांव का नजारा ही कुछ और था। गांव में पुलिस वाले पहरा दे रहे थे। पुलिस के साथ राजस्व पुलिस की टीम भी लगी हुई थी। गांव में पुलिस की मौजूदगी से ग्रामीण सहमे हुए थे। बरात में रौनक भी फीकी ही नजर आ रही थी। इसके बाद पुलिस के पहरे में दुल्हन और दूल्हे ने सात फेरे लिए। शादी शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
मामला बीते एक माह पूर्व का है। सोमेश्वर से मैगड़ी इस्टेट क्षेत्र में बरात आई थी। जहां कुछ लोगों की आपस में कहासुनी हो गई। इसके बाद सोमेश्वर में इन्हीं में से कुछ लोगों ने मैगड़ी इस्टेट के एक युवक की पिटाई कर दी। तब उस युवक ने धमकी दी थी तुम्हारी बरात हमारे इलाके में आ रही है। गांव में तब तुम्हे सबक सिखाएंगे। इसको लेकर इन दोनों इलाकों के बीच तनाव गहराता जा रहा था। इसकी सूचना दूल्हे के पिता हरीश सिंह राणा व दुल्हन के पिता आनंद सिंह को भी थी। बरात में किसी प्रकार का कोई विघ्न ना हो इसके लिए उन्होंने पुलिस सुरक्षा की गुहार लगाई। जिसके बाद पुलिस ने शांतिपूर्वक शादी संपन्न कराने के लिए वहां व्यवस्था चाक चौबंद की। बरात के लिए आधा दर्जन पुलिस कर्मी और इतने ही राजस्व पुलिस कर्मी के जवान मौजूद थे। इस अवसर पर राजस्व उप निरीक्षक पिगलों संजय कुमार, दर्शानी प्रकाश सिंह, डंगोली भुवन वर्मा, गरुड़ त्रिभुवन बोरा सहित एक दरोगा व पुलिस कांस्टेबल मौजूद थे।
---
विवाह शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है। किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ। सूचना मिलने पर सुरक्षा की दृष्टि से ऐसा किया गया था।
-चंद्र सिंह हरकोटिया, नायब तहसीलदार, गरुड़