यूपी : मुलायम ने सपा-बसपा के गठबंधन पर लगाई मुहर, बोले- एक होकर लड़ें तो नहीं हारेंगे

Raj Bahadur's picture

RGA News

मैनपुरी। मंगलवार को किशनी के ग्राम चांदा में आयोजित जनसभा में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सपा और बसपा के प्रस्तावित गठबंधन पर मुहर लगा दी। मुलायम ने कहा कि सपा और बसपा से कोई मुकाबला नहीं कर सकता। सपा और बसपा मिलकर चुनाव लड़ें तो देश की राजनीति बदल जाएगी। उन्होंने मैनपुरी में सपा को जिताने के लिए लोगों का आभार ही व्यक्त नहीं किया बल्कि ये भी कहा कि मैनपुरी में हर वर्ग के लोग मुलायम को जिताते हैं। जनसभा के दौरान सपा और बसपा के झंडे एक साथ लगे। इसकी चर्चा रही।

 उन्होंने कहा कि सपा किसानों, व्यापारियों और युवाओं को लेकर चलती है। सपा की नीतियां देश में सबसे अच्छी हैं। सपा जो कहती है, वही करती है। गठबंधन की कोशिश अच्छी है। दोनों एक होने से लोकसभा चुनाव में कोई नहीं हरा पाएगा। उन्होंने जनसभा में बसपा के लोगों का धन्यवाद दिया और कहा कि इस पहल को आगे भी जारी रखा जाएगा।

मुलायम ने महंगाई और भ्रष्टाचार पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा और कहा कि इन दोनों ही मुद्दों पर कांग्रेस सरकार ने जनता को नकार दिया था। भाजपा सरकारें भी महंगाई और भ्रष्टाचार नहीं रोक पाई हैं। देश और प्रदेश की जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से बुरी तरह परेशान है। उन्होंने स्व. बाबूराम चांदा की सराहना की और सपाइयों से कहा कि चांदा के परिवार की हरसंभव मदद की जाए। चांदा ने पूरा जीवन सपा के लिए लगाया। इस मौके पर सांसद तेजप्रताप यादव ने भी विचार रखे।

कश्मीर को फारुख अब्दुला के परिवार ने बचाया

सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. बाबूराम चांदा की मूर्ति का अनावरण करने आए सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने मोदी सरकार को हौसला दिखाने की नसीहत दी।  मुलायम ने कहा कि चीन भारत का सबसे बड़ा दुश्मन है। सीमा पर चीन भारत के खिलाफ साजिश कर रहा है। चीन सबसे बड़ा धोखेबाज देश है। सरकार हौसला दिखाकर चीन का मुकाबला करे। उन्होंने कश्मीर को बचाने के लिए फारुख अब्दुला के परिवार की सराहना की। 

मुलायम ने विदेश नीति पर सरकार को घेरा 

किशनी आए मुलायम ने सीमा पर चल रहे तनाव और विदेश नीति पर सरकार को घेरने की कोशिश की। ग्राम चांदा में मुलायम ने कहा कि हिन्दुस्तान की सेना विश्व की सबसे बहादुर सेना है। कश्मीर में सेना पूरी ताकत से सीमा की रक्षा कर रही है। चीन की साजिशों से सावधान रहने की जरूरत है। मुलायम ने फारुख अब्दुला के परिवार की तारीफ की और कहा कि फारुख अब्दुला के परिवार ने कश्मीर को बचाया।

मुलायम ने किसानों और व्यापारियों को भाई का दर्जा दिया और कहा कि किसान और व्यापारी दोनों ही संकट में हैं। सरकार की नीतियों ने इनको बर्बाद कर दिया है। मुलायम ने कहा कि युवा राजनीति में आए युवा, किसान, व्यापारी के लिए सपा ने हमेशा संघर्ष किया है। उन्होंने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया और कहा कि महिलाएं देश के लिए अमूल्य धरोहर हैं। सपा में महिलाओं को पूरा सम्मान मिलता है। 

 

News Category: 
Place: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.