फरहत नकवी बनाम वसीम : सीएम से मिली फरहत तो वसीम ने दी सफाई 

Praveen Upadhayay's picture

RGA News

वसीम रिजवी के मुताबिक उनकी बीवी फरहा लखनऊ एसएसपी को शपथ पत्र दे चुकी हैं। बीवी को मीडिया के सामने लाने के सवाल पर बोले कि ऐसा हरगिज नहीं करेंगे। क्योंकि पुलिस जांच कर चुकी है।...

बरेली-: शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी और शिया धर्म गुरू मौलाना कल्बे जव्वाद के बीच लखनऊ में छिड़ा विवाद बरेली पहुंच गया है। मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी ने वसीम रिजवी पर अपनी बीवी कौसर फातिमा उर्फ फरहा को बंधक बनाकर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए वसीम रिजवी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।

सोमवार को एक तरफ फरहत नकवी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर वसीम रिजवी पर कार्रवाई की मांग रखी। दूसरी तरफ वसीम रिजवी ने बरेली के ही सबका हक ऑर्गनाइजेशन की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में मोबाइल से पत्रकारों के सामने अपना पक्ष रखा। इस पूरे मामले को मौलाना कल्बे जव्वाद का खेल बताते हुए अपनी बीवी को मीडिया के सामने लाने से इन्कार किया है

अज्ञात पर दर्ज हुआ मुकदमा

किला थाने के इंस्पेक्टर दयाराम के मुताबिक फरहत नकवी के फोटो वायरल मामले उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की मांग पर मुकदमा दर्ज हुआ है। राजकुमार राजपूत, शोभित सक्सेना, अमरजीत सिंह बख्शी, देवेंद्र जोशी, जतिन अरोड़ा आदि एसपी सिटी से मिलकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।

फरहत बोलीं सीएम ने दिया कार्रवाई का भरोसा

बरेली की सामाजिक संस्था मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी की शिकायत की। उन्होंने कहा कि वसीम रिजवी अपनी दूसरी पत्नी का उत्पीड़न कर रहे हैं। जब मैंने इसका विरोध किया तो मेरे फोटो के साथ छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट किए। मुख्यमंत्री ने इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में फरहत नकवी ने वसीम पर आरोप लगाए।

बदनाम करने को फरहत ने कल्बे जव्वाद से लिए पांच लाख : वसीम

वसीम रिजवी ने बीवी को बंधक बनाकर उत्पीड़न करने के आरोपों को शिया धर्म गुरू कल्बे जव्वाद की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि फरहत नकवी को इसके लिए पांच लाख रुपये भी मिले हैं। इस मामले में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को फरहत नकवी के रवैये से अवगत कराएंगे। सोमवार को सबका हक ऑर्गनाइजेशन ने वसीम रिजवी की हिमायत में प्रेस कांफ्रेंस की।

उसी में वसीम रिजवी ने पत्रकारों से फोन पर बातचीत में यह बातें कहीं। वसीम रिजवी के मुताबिक मेरी बीवी फरहा लखनऊ एसएसपी को शपथ पत्र दे चुकी हैं। सबका हक संस्था की अध्यक्ष राफिया शबनम ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हमारे संगठन ने वसीम रिजवी की बीवी फरहा से लखनऊ जाकर बात की। उन्हाेंने वसीम रिजवी पर लगाए इल्जाम को झूठा बताया। पुलिस को दिए हलफनामे में अपनी बात कह चुकी हैं।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.