
RGANEWS
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह डबल डेकर बस चंबल सेंड से भरे ट्रक में घुस गई। भीषण हादसे में दो महिला, दो बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो गई। 54 बस यात्री जख्मी हो गए। 15 घायलों को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। देर रात एक महिला ने और दम तोड़ दिया। मृतकों में सिर्फ एक की पहचान हो सकी है। बस बिहार से जयपुर जा रही थी।
लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर फतेहाबाद क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे तेज आवाज हुई। इसके बाद चीख पुकार होने पर आसपास के लोग उस दिशा में दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यात्रियों से भरी डबल डेकर बस पीछे से ट्रक में जा घुसी थी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस सवार पांच लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया। एक महिला और बच्चे की इमरजेंसी में मौत हुई। 37 घायलों को फतेहाबाद में ही भर्ती कराया गया था। 17 को उपचार के लिए आगरा के एसएन मेडिकल अस्पताल में भेजा गया था। यहां तीन की हालत गंभीर बनी हुई थी।
ओवरलोड थी यात्री बस, पहचान मुश्किल
सीओ फतेहाबाद प्रभात कुमार के मुताबिक बस सीतामढ़ी (बिहार) से जयपुर जा रही थी। जिसमें करीब 70 सवारियां थीं। बस में सवार अधिकांश लोग जयपुर में मजदूरी करते हैं, जो अपने काम पर जा रहे थे। जयपुर में पत्थर तो कोई फर्नीचर कारीगर है। बस में सवार अधिकांश यात्रियों के एक-दूसरे को नहीं पहचानने से पुलिस के लिए मृतकों और घायलों की पहचान में मुश्किल हो रही थी।
हादसे के वक्त ओवरस्पीड थी बस
एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों ने पुलिस को बताया कि सुबह हादसे के वक्त बस करीब सौ की स्पीड में दौड़ रही थी। जिस वक्त एक्सप्रेस वे पर हादसा हुआ, चंबल सेंड से भरा ट्रक काफी धीमी गति से जा रहा था। बस ने पीछे से ट्रक में टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक का एक तरफ का हिस्सा ही गायब हो गया। राहगीरों ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। ग्रामीण और पुलिस मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकाला।
लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण दुर्घटना में बस यात्रियों को काफी नुकसान हुआ है। सात यात्रियों की मौत हुई है। जबकि तीन दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिनका अस्पतालों में उपचार चल रहा है। परिजनों को दुर्घटना की सूचना भेज दी गई है। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण बस की ओवर स्पीड मानी जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
-प्रभात कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, फतेहाबाद, आगरा
आगरा पुलिस ने बिहार आपदा प्रबंधन को हादसे की सूचना दी है ताकि मरने वालों की पहचान हो सके वहां से जो लोग जयपुर काम के लिए जा रहे थे उनके घर वालों से संपर्क हो सके जो घायल भर्ती हैं वह एक या दो लोग आपस में एक दूसरे को पहचानते हैं। सभी लेबर हैं और बिहार में अलग-अलग जगह से हैं।