मंगल मिशन से पहले अंतरिक्ष में मिर्च उगाएगा नासा, कुछ इस तरह किया है प्लान

Praveen Upadhayay's picture

RGA News, वाशिंगटन

अंतरिक्ष में उगाए जाने वाले पहले फलदार पौधे के तौर पर मिर्च का चुना जाना अहम है। इनकी खेती पत्तेदार पौधे से काफी अलग तरीके से की जाती है।...

वाशिंगटन:- अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा साल 2030 तक लाल ग्रह मंगल पर मानव मिशन भेजने की तैयारी में है। मंगल पर जाने और वहां से वापस धरती पर आने की यह यात्रा तीन साल लंबी हो सकती है। इतने लंबे मिशन के लिए अंतरिक्ष यात्रियों को खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना बड़ी समस्या हो सकती है।

अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) में 340 दिन बिताने का रिकॉर्ड बना चुके अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री स्कॉट केली ने कहा, 'मिशन के दौरान हर दूसरे या तीसरे माह मेरे पास ताजी सब्जियां और फल पहुंचाए जाते थे। लेकिन मंगल मिशन पर यह संभव नहीं होगा।'

इस समस्या को दूर करने के लिए वैज्ञानिक अंतरिक्ष में बगीचा बनाना चाहते हैं ताकि पैकेट बंद आहार पर अंतरिक्ष यात्रियों की निर्भरता खत्म हो। नासा पहले ही लेटस (सलाद के तौर पर इस्तेमाल में आने वाली पत्तियां) के साथ कुछ अन्य पत्तेदार सब्जियां अंतरिक्ष में उगाने में सफल हो चुकी है।

मिर्च के पौधे पर होगा परीक्षण
अब वह पहली बार किसी फलदार पौधे को अंतरिक्ष में उगाना चाहती है। इसके लिए मिर्च के पौधे का चयन किया गया है। पृथ्वी पर अंतरिक्ष की तरह के वातावरण में इस पौधे को उगाने का परीक्षण जारी है। जल्द ही इसे अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो आगे चलकर अंतरिक्ष में टमाटर और स्ट्राबेरी के साथ आलू आदि उगाने के रास्ते भी खुल जाएंगे।

अंतरिक्ष में खेती क्यों जरूरी
अंतरिक्ष में अनाज उगाने के अभियान से जुड़े नासा के वैज्ञानिक जॉय डी मासा ने कहा, 'हमारे पास भले ही कितने भी विकल्प हों लेकिन सिर्फ पैकेट बंद आहार मंगल मिशन के लिए काफी नहीं होगा। अभी तक ऐसा कोई खाद्य पदार्थ उपलब्ध नहीं है जो इतने लंबे मिशन तक चले। ऐसे में अंतरिक्ष यात्री को खाने की कमी से जूझना पड़ सकता है। यह मिशन के लिए किसी भी लिहाज से सही नहीं होगा। इसीलिए अंतरिक्ष में भोजन उगाना जरूरी है।'

मिर्च को ही क्यों चुना
अंतरिक्ष में उगाए जाने वाले पहले फलदार पौधे के तौर पर मिर्च का चुना जाना अहम है। इनकी खेती पत्तेदार पौधे से काफी अलग तरीके से की जाती है। इसमें विटामिन सी की बहुतायत होती है। यह पोषक तत्व अंतरिक्ष यात्रियों के लिए बेहद जरूरी है। अंतरिक्ष में सूंघने और चखने की क्षमता घट जाती है। ऐसी स्थिति के लिए मिर्च सहायक हो सकती है।

सबसे पहले रूसी वैज्ञानिकों ने की थी खेती
इस सदी के शुरुआती वर्षो में रूसी वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में मटर उगाने में सफलता पाई थी। उसके बाद नासा लेटस के साथ ही चीनी पत्तागोभी और अन्य सब्जियां उगाने में सफल हुआ था।

 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.