
RGA न्यूज दिल्ली
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नरेंद्र मोदी सरकार पर वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में बदलाव आएगा। जन आक्रोश रैली में सिंह ने कहा, ''मोदी सरकार अपने हर वादे को पूरा करने में विफल रही। चार साल पहले जो वादे किए थे वो आज तक पूरे नहीं हुए।" उन्होंने मोदी सरकार में लोकतंत्र खतरे हैं।
उन्होंने कहा, ''महंगाई बहुत बढ़ गई है। नौजवान नौकरी नहीं मिलने से परेशान हैं। दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गए हैं। इस पर मोदी सरकार ध्यान नहीं दे रही है।'' सिंह ने कहा कि कच्चे तेल की कीमत घट गई लेकिन पेट्रोल डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में बदलाव आएगा और इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खड़ा होना होगा।
सिंह ने कहा कि नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे लोग हजारों करोड़ लेकर भाग गए। इससे बैंक कमजोर हो गए हैं। सरकार कुछ नहीं कर रही है। इससे पहले कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने कहा, ''चार साल में सरकार ने देश को जिस तरह से नुकसान पहुंचाया है, उससे सभी दुखी हैं। महिलाएं, नौजवान, किसान, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक सभी परेशान हैं।''
मनमोहन सिंह ने कहा, चार साल पहले मोदी सरकार ने वादा किया था कि वो सरकार में आते ही मुल्क में 2 करोड़ से ज्यादा रोज़गार के साधन उपलब्ध करायेंगे। हकीकत ये है कि देश में बेरोज़गारी बढ़ रही है।
पूर्व प्रधानमंत्री ने मोदी सरकार को किसान विरोधी बताते हुये कहा कि चार साल पहले मोदी सरकार ने देशवासियों से बहुत से वादे किये थे। उनमें से किसी वादों को भी पूरा करने में ये सरकार कामयाब नहीं रही। किसान कर्ज के बोझ से दबे जा रहे हैं। हर तरफ से कर्ज माफ करने की आवाजें उठ रही हैं लेकिन इस सरकार को उनकी आवाजें सुनायी नहीं दे रही है। देश की आबादी में 35 प्रतिशत हिस्सा किसानों का है।
उन्होंने कहा, ''इस रैली से यह संकल्प लेकर जाना है कि हमे राहुल गांधी के सन्देश को घर घर तक पहुंचाना है।'' राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा, ''इस सरकार के कार्यकाल में समाज का तानाबाना छिन्न-भिन्न हो गया है। भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है। इस माहौल को बदलना होगा। यह बदलाव राहुल गांधी के नेतृत्व में ही हो सकता है।''