RGA न्यूज़ दिल्ली
नई दिल्ली:- तमिलनाडु का शहर महाबलीपुरम, इतिहास का गवाब बनने वाला है। दुनिया के दो बड़े देशों और एशिया की महाशक्तियों में शुमार भारत और चीन के राष्ट्राध्यक्ष की यहां मुलाकात होने वाली है। पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की यहां मुलाकात होगी। इस शहर का इतिहास काफी पुराना है, जो इसे और खास बनाता है।
सातवीं शताब्दी में चीनी यात्री ह्वेनसांग ने पल्लवों की राजधानी कांचीपुरम का भ्रमण किया था। सैकड़ों साल बाद कल चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिखर वार्ता के लिए पल्लवों की शिल्प-नगरी रहे और यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल महाबलीपुरम (मामल्लपुरम) आ रहे हैं। इस मौके पर आज डॉ. कायनात काजी के साथ चलते हैं चेन्नई के पास स्थित इस शहर के सफर पर..
महाबलीपुरम की बात की बात करें तो चेन्नई शहर से निकल जब ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस वे पकड़ते हैं तो फिजा में जैसे सुकून की खुशबू-सी घुलने लगती है। आपके साथ दक्षिण-पूर्वी तटरेखा जिसे कोरोमंडल तट कहते हैं, किसी साथी की तरह निरंतर चलती रहती है। इसका सही नाम चोलमंडलम था, लेकिन चूंकि यहां आने वाले पुर्तगाली इसका उच्चारण नहीं कर पाते थे, इसलिए इसे कोरोमंडल कहा जाने लगा।
चोलमंडलम यानी वह स्थान, जिसे चोल शासकों ने बसाया। चेन्नई से मात्र 60 किलोमीटर की दूरी तय करने पर चेंगलपट्टू जिले में एक छोटा-सा कस्बा महाबलीपुरम या मामल्लपुरम पड़ता है, जिसका समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास है। यह बंगाल की खाड़ी के किनारे स्थित एक ऐसे स्थान के रूप में जानी जाती है, जहां मंदिरों के समूह स्थित हैं। इसी कारण इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है।
इसे महाबलीपुरम और मामल्लपुरम के अलावा कई अन्य नामों से भी जाना जाता है, जैसे-कादल, मल्लै, अर्थसेथू, मल्लावराम, मल्लाई और ममल्लई आदि। इस जगह का उल्लेख प्राचीन संगम साहित्य की किताब ‘पथ्थुपाट्टु’ में भी मिलता है। यहां के मंदिर अपनी नक्काशियों के लिए मशहूर हैं। यहां पत्थरों को तराश कर बनाई गई चट्टानें देखने योग्य हैं। इनमें से ज्यादातर एक ही पत्थर को काटकर बनाई गई हैं। इस खूबसूरत शहर को मंदिरों की नगरी के नाम से भी जाना जाता है। इसे पल्लव राजवंश के प्रतापी राजा महेंद्र वर्मन प्रथम (शासनकाल 600-630 ई.) ने 7वीं सदी में बसाया था। उनके उत्तराधिकारी नरसिंहवर्मन प्रथम (630-668 ई.) को एक ‘महामल्ल’ या 'मामल्ल’की उपाधि दी गई थी। उनके नाम पर इसे मामल्लपुरम नाम दिया गया था।