RGA न्यूज़ गोरखपुर
UP CM योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में पिपराइच चीनी मिल में पेराई का शुभारंभ किया। ...
गोरखपुर:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केन कैरियर स्टार्ट बटन को दबाकर पिपराइच चीनी मिल में पेराई का शुभारंभ किया। उन्हाेंने कहा कि यह मिल पूर्वांचल के किसानों के लिए बड़ी सौगात होगी।
50 हजार क्विंटल गन्ने की प्रतिदिन होगी पेराई
बता दें उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम के परियोजना की यह मिल 423 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई है। रोजाना 50 हजार क्विंटल गन्ना पेरने की इस मिल की क्षमता है। इससे 27 मेगावाट बिजली भी पैदा की जा सकती है। इससे पूर्व सांसद रवि किशन शुक्ला ने चीनी मिल के लिए पूजन कराया।
160 दिन गन्ना पेरेगी मिल
160 दिनों के गन्ना पेराई सत्र के लिए 80 लाख क्विंटल गन्ना इस चीनी मिल को आवंटित किया गया है। इसमें से 28 लाख क्विंटल गन्ना गोरखपुर से, 52 लाख क्विंटल गन्ना महराजगंज व कुशीनगर से आवंटित किया गया है। 21 नवंबर से लगातार पेराई शुरू हो जाएगी। शुरुआत के लिए निगम ने 11 हजार 111 क्विंटल गन्ने के लिए तीनों जिलों के किसानों को पर्ची सौंप दी है। गन्ना खरीद के लिए कुल 28 केंद्र बनाए गए हैं।
कार्यक्रम में यह भी रहे मौजूद
इस अवसर पर गन्ना विकास मंत्री सुरेश राणा, पिपराइच विधायक, चीनी उद्योग राज्यमंत्री सुरेश पासी, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मण्डला युक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी, राज्य चीनी निगम के एमडी विमल दुबे, निगम के परियोजना प्रबंधक संजय मेहरा, उप गन्ना आयुक्त उषा पाल, गन्ना महा प्रबंधक सुशील कुमार, जिला गन्ना अधिकारी शैलेन्द्र अस्थाना, सहायक निदेशक उत्तर प्रदेश किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र ओम प्रकाश गुप्ता, पिपराइच चीनी मिल के जीएम जितेंद्र श्रीवास्तव, केन यूनियन के चेयरमैन सत्येंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।