![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में चार सौ से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। पुलिस से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही जिसे लेकर वह अफसरों पर नाराज दिखे।...
गोरखपुर:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में चार सौ से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। हमेशा की तरह जनता दर्शन में पुलिस से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही, जिसे लेकर वह अफसरों पर नाराज दिखे।
अधिकारियों को चेताया
कई फरियादियों का प्रार्थना पत्र तो मुख्यमंत्री ने मौके पर सीधे एडीजी रेंज जयनारायण सिंह और एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता के हाथ में सौंपा और उसके त्वरित निस्तारण को लेकर चेतावनी भी दी। राजस्व से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए उन्होंने कमिश्नर जयंत नार्लिकर और जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन को निर्देशित किया।
एक-एक फरियादी तक पहुंचे सीएम
इससे पहले मुख्यमंत्री की सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। गुरु गोरक्षनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया, कुछ समय गोशाला में गायों के साथ गुजारा। करीब सवा सात बजे वह ङ्क्षहदू सेवाश्रम पहुंचे, जहां तड़के से ही गोरखपुर और आसपास फरियादी अपनी समस्या सीधे मुख्यमंत्री से कहने के लिए इंतजार कर रहे थे। मुख्यमंत्री एक-एक कर सभी फरियादियों तक खुद पहुंचे और उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं। यह सिलसिला करीब सवा घंटे चला। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनके जाने के बाद करीब 100 लोगों की फरियाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के प्रभारी मोती लाल सिंह ने सुनीं और समाधान की कोशिश की। योगी रविवार को गोरखपुर पहुंचे थे।
गड़हा ताल पर भू-माफिया ने कर लिया कब्जा
जिले के सदर तहसील के कुशहरा गांव की बिंदू देवी ने मुख्यमंत्री से गड़हा ताल पर भू-माफिया के कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया ताल में मिट्टी डालकर निर्माण कार्य भी करा लिया गया है। एसडीएम की कार्यप्रणाली को भी यह माफिया प्रभावित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को कार्रवाई के लिए निर्देश दिया।
आत्महत्या के लिए मजबूर कर रहे सूदखोर
बौलिया रेलवे कॉलोनी की मीरा देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पति कन्हैया लाल रेलवे के स्टोर डिपो में खलासी हैं। उन्होंने अप्रैल 2018 में एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये सूद पर उधार लिए थे। सूद के नाम पर अब तक वह व्यक्ति दो लाख रुपये ले चुका है। अभी और पैसा मांग रहा है। परेशान पति आत्महत्या की मानसिकता से गुजर रहे हैं।
नहीं दे रहे मकान की चाबी
शक्तिनगर के रहने वाले निर्भय सिंह ने शिकायत की कि उनकी सास का बीते 20 नवंबर को नकहा रेलवे क्रासिंग पर हुई एक दुर्घटना में निधन हो गया था। पुलिस ने उनका सामान, पर्स, घर चाबी को कब्जे में ले लिया है। मांगने के लिए जाने पर पुलिस दुर्व्यवहार कर रही है। घर की चाबी न मिलने के कारण सास का श्राद्ध कर्म करना मुश्किल हो रहा है।
रजिस्ट्री जमीन पर नहीं मिल रहा कब्जा
देवरिया जिले के हतवा नकहनी निवासी छट्ठू लाल ने मुख्यमंत्री से बताया कि 18 मई 2005 में उन्होंने हरिश्चंद्र यादव नाम के व्यक्ति से पांच लाख रुपये देकर जमीन की रजिस्ट्री कराई लेकिन आरोपी जमीन पर कब्जा नहीं दे रहा है। कब्जा मांगने पर जान से मारने की धमकी देता है।