रामायण में हनुमान जी का किरदार निभाकर पूज्यनीय हो गये थे दारा सिंह, हनुमान जयंती पर आये याद

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ दिल्ली

नई दिल्ली:- कोरोना वायरस के विकट संकट के बीच देश आज (8 अप्रैल) को हनुमान जयंती का पर्व मना रहा है। संयोग से दूरदर्शन पर रामायाण का दोबारा प्रसारण किया जा रहा है, जिसमें हनुमान जी का किरदार हिंदी सिनेमा के बलवान एक्टर दारा सिंह ने निभाया था। वैसे तो दारा सिंह पहले भी कई फ़िल्मों में पौराणिक किरदार निभा चुके थे, मगर रामायण में हनुमान जी के रोल ने उन्हें जो शोहरत दिलाई वो अलौकिक थी। हनुमान जी के रोल में दारा सिंह घर-घर में लोकप्रिय और पूज्यनीय हो गये थे। 

दारा सिंह फ़िल्मों में आने से पहले प्रोफेशनल पहलवान थे। दीदार सिंह रंधावा के नाम से जन्म दारा सिंह अपनी कद-काठी और सौम्य व्यवहार के चलते सिनेमा की दुनिया से निकलकर एक किंवदंती बन गये थे। किंग कॉन्ग से उनकी कुश्ती के किस्से बच्चे-बच्चे की ज़ुबान पर होते थे। दारा सिंह ने अपना फ़िल्मी करियर 1952 की फ़िल्म संगदिल से शुरू किया था। 1962 की फ़िल्म किंग कॉन्ग में वो पहली बार लीड रोल में नज़र आये। दारा सिंह अपने दौर के चर्चित स्टंट एक्टर थे। दारा सिंह ने मुमताज़ के साथ सबसे अधिक 16 फ़िल्में की थीं। दोनों की जोड़ी काफ़ी लोकप्रिय थी। दारा सिंह अपने केटेगरी में सबसे महंगे कलाकार थे। उस वक़्त वो एक फ़िल्म के लिए लगभग 4 लाख रुपये फीस लिया करते थे

दारा सिंह ने रामानंद सागर की रामायण में हनुमान के किरदार को छोटे पर्दे पर जीवंत किया था। रामानंद सागर ने जब रामायण बनाने का इरादा किया तो हनुमान के रोल के लिए उनके ज़हन में सिर्फ़ दारा सिंह का ही नाम था। दिलचस्प बात यह है कि दारा सिंह उस वक़्त 60 साल के हो चुके थे। रामायण के बाक़ी किरदारों की तरह हनुमान के रूप में दारा सिंह को घर-घर पूजा जाने लगा था। बाद में जब बीआर चोपड़ा ने महाभारत बनाई तो एक ख़ास एपिसोड में हनुमान के रोल के लिए उन्होंने दारा सिंह को ही चुना।

रामायण में राम का किरदार अरुण गोविल ने निभाया था, जबकि सीता दीपिका चिखालिया, लक्ष्मण सुनील लहरी और रावण के रोल में अरविंद त्रिवेदी थी। हाल ही में जब रामायण का दूरदर्शन नेशनल पर फिर से प्रसारण शुरू हुआ तो इसने टीआरपी के पिछले कुछ सालों के सब रिकॉर्ड तोड़ दिये। 

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.