देश में साढ़े 20 हजार के करीब पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा, मरने वाले भी साढ़े छह सौ से ज्यादा, जानें राज्‍यों का हाल

Praveen Upadhayay's picture

RGA न्यूज़ नई दिल्ली

नई दिल्ली:-  देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या साढ़े 20 हजार के करीब पहुंच गई है। इसके साथ ही भारत सबसे ज्यादा कोविड-19 मरीजों वाला दुनिया का 17वां देश बन गया है। मरने वालों की तदाद भी साढ़े छह सौ को पार कर गई है। महाराष्ट्र में आज भी सबसे ज्यादा नए मामले मिले। एक दिन में पांच सौ से ज्यादा लोग ठीक भी हुए हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में करीब 15 सौ नए मामले आए हैं और 49 लोगों की मौत हुई है। कुल संक्रमित 20,471 और मरने वालों की संख्या 652 हो गई है। 3,959 लोग स्वस्थ भी हुए हैं जो कुल मामलों का 19 फीसद से ज्यादा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्‍य सरकार के आंकड़ों में अंतर 

राज्य सरकारों और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों में अंतर पर अधिकारियों का कहना है कि राज्यों से सूचनाएं मिलने में देरी होती है और प्राप्त जानकारियों को संकलित करने में भी समय लगता है इसलिए यह अंतर होता है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्य सरकारों से भी आंकड़े हासिल करती हैं। राज्य सरकारों से मिली सूचनाओं के मुताबिक इस महामारी से देश में अब तक 658 लोगों की मौत हुई है। जिसमें बुधवार को हुई महाराष्ट्र में 18, गुजरात में 13, आंध्र प्रदेश में दो और राजस्थान व दिल्ली में एक-एक मौत शामिल है। पूरे देश में 1,086 नए मामले भी सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 20,954 पर पहुंच गया। अब तक 3,871 लोग पूरी तरह से स्वस्थ भी हुए हैं।

महाराष्‍ट्र अन्‍य राज्‍यों से आगे 

अगर राज्यवार संक्रमितों की बात करें महाराष्ट्र अन्य राज्यों से बहुत आगे बना हुआ है। कई दिनों से रोज नए मामले भी सबसे ज्यादा सामने आ रहे हैं। बुधवार को 431 मामले सामने आए, जिसमें से अकेले मुंबई में ही 232 मामले हैं। मुंबई में 10 लोगों की मौत भी हुई है।

महाराष्ट्र में 64 पुलिसकर्मी संक्रमित

महाराष्ट्र में खराब होते हालात का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि स्थिति को काबू में करने की ड्यूटी में लगे 64 पुलिसकर्मी भी अब तक संक्रमित हो गए हैं। इनमें 12 अधिकारी और 52 सिपाही शामिल हैं।

गुजरात में भयावह स्थिति 

महाराष्ट्र के बाद गुजरात में भयावह स्थिति बनते जा रही है। हालांकि, मंगलवार की तुलना में बुधवार को बहुत कम 94 नए मामले सामने आए, लेकिन कुल संक्रमितों के मामले में गुजरात महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर बना हुआ है। यहां संक्रमितों की संख्या 2,272 हो गई है। इसमें सबसे ज्यादा अहमदाबाद में 1,434 और सूरत में 364 मामले अब तक मिले हैं। अब तक 95 लोगों की मौत भी हुई है।

दिल्ली में 92 नए केस मिले

दिल्ली में बुधवार को 92 नए केस सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 2,248 पहुंच गया है। राजस्थान में भी लगातार मामले बढ़ रहे हैं। बुधवार को भी 133 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 1,868 पर पहुंच गया है। राज्य में अब तक 27 लोगों की जान भी जा चुकी है।

उत्‍तर प्रदेश और मध्‍य प्रदेश में बढ़े मामले 

तब्लीगी जमात के सदस्यों के चलते उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या जो बढ़नी शुरू हुई थी, वह थमने का नाम नहीं ले रही। राज्य में 112 नए मामले मिले हैं और मरीजों का आंकड़ा 1,449 पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश का हाल भी कुछ बेहतर नहीं है। इंदौर, भोपाल और उज्जैन हालात को और बदतर बना रहे हैं। बुधवार को 40 नए मामले सामने आए। राज्य में अभी तक कुल 1587 संक्रमित पाए जा चुके हैं।

दक्षिण भारत में भी प्रकोप जारी

दक्षिण भारत में भी कोरोना का असर कम नहीं हो रहा है। केरल में दो दिन पहले तक हालात नियंत्रण में लग रहे थे, लेकिन दो दिनों से वहां भी संक्रमितों की संख्या बढ़ने लगी है। हालांकि अन्य राज्यों की तुलना में यह संख्या अभी भी बहुत कम है। बुधवार को भी 11 नए और संक्रमितों की संख्या 437 पर पहुंच गई। कर्नाटक में भी नौ नए केस मिले और कुल 427 संक्रमित हो गए। लेकिन तमिलनाडु में 33 और आंध्र प्रदेश में 56 नए मामले सामने आए हैं और दोनों ही राज्यों में कुल संक्रमितों की संख्या क्रमश: 1,629 और 813 हो गई है।

जम्मू-कश्मीर में 400 से ज्यादा मरीज

जम्मू-कश्मीर में 27 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 407 पर पहुंच गया है।

देश में कुल संक्रमित

राज्य संक्रमित

महाराष्ट्र - 5,649

गुजरात - 2,272

दिल्ली - 2,248

राजस्थान - 1,868

तमिलनाडु - 1,629

मध्य प्रदेश - 1,587

उत्तर प्रदेश - 1,449

तेलंगाना - 928

आंध्र प्रदेश - 813

केरल - 437

कर्नाटक - 427

जम्मू-कश्मीर - 407

बंगाल - 359

हरियाणा - 270

पंजाब - 274

बिहार - 141

ओडिशा - 83

उत्तराखंड - 46

हिमाचल प्रदेश - 40

छत्तीसगढ़ - 36

झारखंड - 47

असम - 34

चंडीगढ़ - 21

लद्दाख - 19

अंडमान-निकोबार -16

मेघालय -11

पुडुचेरी - 8

गोवा - 7

मणिपुर - 2

त्रिपुरा - 2

मिजोरम - 1

नगालैंड - 1

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.