

RGA न्यूज़ मुरादाबाद अमरोहा
Wife killed by husband पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। ...
अमरोहा:- मामूली कहासुनी के बाद युवक ने पत्नी को गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में खुद को भी गोली मार ली। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसका उपचार कराया गया है। महिला की मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतका के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
यह घटना देहात थाना क्षेत्र के गांव लालू नंगला की है। यहां पर मोहम्मद राशिद का परिवार रहता है। राशिद दिल्ली में मोटर मकैनिक की दुकान चलाता है। उसकी शादी 13 साल पहले बछरायूं निवासी सलमा के साथ हुई थी। परिवार में तीन बेटी व एक बेटा हैं। वह 26 जुलाई को दिल्ली से घर लौटा था। परिवार में सबकुछ ठीकठाक चल रहा था। बताते हैं कि सोमवार को किसी बात को लेकर राशिद व सलमा के बीच कहासुनी हो गई थी। दोनों के बीच बात इतनी बढ़ी कि राशिद ने अपने भतीजे लईक की लाइसेंसी बंदूक ले ली तथा एक के बाद एक दो गोली सलमा को मार दी। सलमा की मौके पर ही मौत हो गई। राशिद ने खुद को भी गोली मार ली। छर्रे लगने से वह भी घायल हो गया। तीन फायर की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां का नजारा देख कर रौंगटे खड़े हो गए। कमरे में सलमा का शव पड़ा था तथा राशिद भी घायल अवस्था में वहीं पर था। घटना से सारे गांव में हड़कंप मच गया। मृतका के चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर आ गई तथा आरोपित राशिद को गिरफ्तार कर लिया। जिला अस्पताल में उसका उपचार कराया गया। बेटी की हत्या की सूचना पाकर मायके वाले भी आ गए। एसओ अरिहंत कुमार ने बताया कि पति ने गोली मारकर पत्नी की हत्या कर दी है। खुद को भी गोली मारी है। मृतका के भाई ने तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।