मानसून ने उत्तर भारत में एक दिन पहले दी दस्तक, दिल्ली में बारिश के आसार

Raj Bahadur's picture

RGANews

उत्तरी राज्यों में मानसून की सक्रियता को देखते हुये दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून अनुमान से एक दिन पहले  दस्तक देगा। इससे पहले मौसम विभाग ने 29 जून को मानसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना जतायी थी। विभाग की क्षेत्रीय पूर्वानुमान इकाई के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आज सुबह दिल्ली और आसपास के कुछ इलाकों में मानसून पूर्व बारिश हुई। उत्तर पश्चिम मानसून की उत्तरी राज्यों की ओर सक्रियता को देखते हुये दिल्ली में गुरुवार से अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है। 
     
उन्होंने बताया कि आज जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में इस मानसून की पहली बारिश हुई। कल तड़के यह दिल्ली पहुंच जायेगा। इस बीच गर्मी से झुलस रहे उत्तर प्रदेश झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। फलस्वरूप पिछले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल के ज्यादातर इलाकों, बिहार के सुपौल और झारखंड में जमशेदपुर सहित कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। 

विभाग ने अगले 48 घंटों में मानसून के और अधिक सक्रिय होने की उम्मीद जताते हुये इस दौरान गुजरात, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की से तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की है।     

बता दें, लगभग एक सप्ताह तक मंद पड़े मानसून के रविवार से सक्रिय होने के कारण मुंबई में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश के बाद आज यहां से मानसून का रुख उत्तर में दिल्ली की ओर हुआ है। श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में अगले तीन दिनों तक बारिश की स्थिति बरकरार रहेगी। दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटे से बादल छाये रहने के कारण तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है।

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.