![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/06_06_2021-viswvijay_kangress_21712346.jpg)
RGA news
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने पुराना गोरखपुर इलाके में जाकर उन परिवारों से मुलाकात की जिन्हें गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती के नाम पर हटाये जाने की कार्यवाही शुरू की गई है।
गोरखपुर,कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने पुराना गोरखपुर इलाके में जाकर उन परिवारों से मुलाकात की जिन्हें गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती के नाम पर हटाये जाने की कार्यवाही शुरू की गई है। विश्वविजय सिंह से प्रभावित परिवारों ने बताया कि वे 100 वर्ष से अधिक समय से यहां पर रह रहे हैं।
इन घरों में वे दुकान कर अपनी आजीविका चलाते है। एक सप्ताह पहले अचानक पुलिस और राजस्वकर्मी यहां आए और उनके घरों की पैमाइश की। एक दिन बाद उनसे एक सादे कागज को सहमति पत्र बताकर हस्ताक्षर करा लिया गया। अब वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्हें यहां से हटाया गया तो वे बेघर हो जाएंगे।
नहीं होने देंगे अन्याय
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है। सिंह ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई जोर जबरदस्ती वाली और अवैधानिक है। प्रभावित परिवारों को पूरी जानकारी दिए बिना सादे कागज दस्तखत कराना उसकी गलत नीयत को दर्शाता है।
विस्थापित करने की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं
प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि वहां किस उद्देश्य व कार्य के लिए जमीन और घर की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास और सुरक्षा के नाम पर गरीब लोगों को बेघर और विस्थापित करने की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आश्चर्य जताया कि मुख्यमंत्री जो कि गोरखनाथ मंदिर के महंत भी है, इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं ?
गरीबों, पीड़ितों के साथ खड़ी है कांग्रेस
विश्वविजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस गरीबों, मजलूमों को पीडि़त लोगों के साथ खड़ी है। कांग्रेस कार्यकर्ता किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को प्रदेश स्तर पर उठाया जाएगा। सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि यह सरकार मजदूरों, गरीब तबकेे के साथ अन्याय कर रही है। सरकार के एजेंडे में मजदूर, शोषित और समाज का पिछड़ा समाज है ही नहीं। कांग्रेस किसी भी दशा में मजदूरों, पिछड़ों का शोषण नहीं होने देगी।