Weather Update : देश के कई हिस्‍सों में भारी बारिश की चेतावनी, रेड अलर्ट जारी, जानें अपने इलाके के मौसम का हाल

Praveen Upadhayay's picture

RGAन्यूज़

 

मानसून के 14-15 जून तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्‍तर भारत के अधिकांश इलाकों में पहुंचने की संभावना है।

दक्षिण पश्चिमी मानसून के 14-15 जून तक दिल्ली हरियाणा पंजाब समेत उत्‍तर भारत के अधिकांश इलाकों में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से देश के कई हिस्‍सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है...

नई दिल्‍ली। उत्‍तर भारत में जल्द मानसूनी बारिश के कारण भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिमी मानसून के 14-15 जून तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्‍तर भारत के अधिकांश इलाकों में पहुंचने की संभावना है। मानसून बंगाल की खाड़ी, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के बाकी इलाकों में आगे बढ़ चुका है। अगले 24 घंटे में यह उत्‍तर प्रदेश और मध्‍य प्रदेश को कवर करेगा। मौसम विभाग ने मुंबई में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है और इस बारे में रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक बंगाल की उत्तरी खाड़ी और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल और उड़ीसा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके और मजबूत होने की संभावना है। यह उड़ीसा को पार करते हुए मध्य भारत की ओर आगे बढ़ सकता है। इससे दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और असम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक मौसम विभाग ने उत्‍तराखंड के पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक मॉनसून 15 से 20 जून के बीच उत्तराखंड पहुंच सकता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।

मौसम विभाग ने एकबार फि‍र मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग की ओर से शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट और रविवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इससे पहले मुंबई और ठाणे जिलों में कुछ जगहों पर भारी से बेहद ज्‍यादा भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया था। इसे देखते हुए बीएमसी ने एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है। बेस्ट, अडाणी समेत अन्य एजेंसियों और बिजली वितरण कंपनियों के साथ निकाय द्वारा संचालित सभी नियंत्रण कक्षों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नौसेना और एनडीआरएफ को भी तैयार रहने को कहा गया है।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.