![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/26_06_2021-sadhana_21774077.jpg)
RGA न्यूज़
सपा के आलोक गुप्ता की जगह बड़हलगंज वार्ड नंबर 47 से जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र यादव पर्चा दाखिल करने के लिए पार्टी कार्यालय से रवाना हो चुके हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।
गोरखपुर, जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह ने शनिवार को 12.30 बजे नामांकन दाखिल किया। वहीं एक नाटकीय घटनाक्रम में समाजवादी पार्टी ने अंतिम समय में अपना प्रत्याशी बदल दिया है। आलोक गुप्ता की जगह बड़हलगंज वार्ड नंबर 47 से जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र यादव पर्चा दाखिल करने के लिए पार्टी कार्यालय से रवाना हो चुके हैं। जितेंद्र यादव शुक्रवार की शाम तक पर्चा न मिलने का आरोप लगा रहे थे। ऐसे में जितेंद्र के पर्चा दाखिल करने को लेकर अब भी लोगों में संशय है। संभावना जताई जा रही है कि भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह निर्विरोध भी जिला पंचायत अध्यक्ष बन सकती हैं।सपा के घोषित प्रत्याशी सपा ने वार्ड नंबर 46 के जिला पंचायत सदस्य आलोक कुमार गुप्ता को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके विकल्प के तौर पर अपने समर्थित दूसरे सदस्यों से भी पर्चा खरीदने की कोशिश की जा रही थी। आलोक कुमार गुप्ता शनिवार को सपा कार्यालय पर नहीं पहुंचे 11 बजे से सपा समर्थित प्रत्याशी को नामांकन के लिए निकलना था लेकिन ऐन मौके पर प्रत्याशी बदल दोपहर 12:50 तक सपा के प्रत्याशी नामांकन कार्यालय तक नहीं पहुंच सके थे।
मेरे सामने कोई चुनौती नहीं : साधना सिंह
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह ने कहा कि उनके सामने कोई चुनौती नहीं है। वह विकास करने के लिए आई हैं और विकास करेंगी। पिछले कार्यकाल के दौरान जो कार्य शेष रह गए थे, उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से लड़ना हमारी आदत है, जो भी चुनौती आएगी उसका मजबूती से सामना किया जाएगा। मेरी जीत सुनिश्चित है। जनता से जो वादे किए गए हैं उसे पूरा करेंगे। जिले के हर क्षेत्र का विकास किया जाएगा। विकास के लिए सबको साथ लेकर चलेंगे।
रोके गए सपाई
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को शास्त्री चौक पर रोक दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जबतक भाजपा प्रत्याशी सारे पर्चे दाखिल नहीं कर लेंगी, दूसरे प्रत्याशी नहीं जा सकते। भाजपा प्रत्याशी साधना सिंह ने चार सेट में पर्चा लिया है और अभी तक सारे पर्चे दाखिल नहीं किए हैं। सपाइयों का आरोप है कि समय व्यतीत किया जा रहा है, जिससे उनका प्रत्याशी पर्चा दाखिल न कर पाए।