![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/27_06_2021-bsp_21776912_1.jpg)
RGA न्यूज़
बीते कुछ दिनों से बसपा और सपा के बीच जुबानी तकरार बढ़ी है। खासकर बसपा मुखिया मायावती ने सपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए न सिर्फ अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सावधान किया है बल्कि जनता के बीच जाकर असलियत बताने को कहा ह
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट से राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो गईं हैं। सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बीच पार्टी के खिलाफ चलाए जा रहे दुष्प्रचार को शिकस्त देने के लिए बसपा ने आस्तीन चढ़ा ली है। पार्टी मुखिया ने पदाधिकारियों, सेक्टर प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं को यह जिम्मा सौंपा कि वह बूथ-बूथ घूमकर बसपा के खिलाफ समाजवादी पार्टी की तरफ से बनाए जा रहे माहौल की असलियत जनता को बताए। हाईकमान का निर्देश मिलते ही कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर सपा और उनके नेताओं के बारे में जानकारी देने का काम शुरू कर दिए हैं।
मायावती के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने संभाली कमान
बीते कुछ दिनों से बसपा और सपा के बीच जुबानी तकरार बढ़ी है। खासकर बसपा मुखिया मायावती ने सपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए न सिर्फ अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सावधान किया है, बल्कि जनता के बीच जाकर असलियत बताने को कहा है। कोआर्डिनेटर जावेद सिमनानी ने कहा कि देश और प्रदेश के जो हालात हैं, वह किसी से छुपा नहीं है। प्रदेश की जनता सुरक्षित हाथों में प्रदेश की कमान देना चाहती है। यही वजह है कि दूसरे दल बसपा के खिलाफ जनता के बीच दुष्प्रचार कर रहे हैं। कभी कहते हैं कि विधायक सपा के साथ जा रहे हैं, तो कभी भाजपा का सहयोगी बता देते हैं।
सपाइयों में बसपा का नुकसान करने में दम नहीं
कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी मुखिया के निर्देश पर हमलोग गांव-गांव जाकर लोगों को बता रहे हैं कि दूसरे दल किस तरह बसपा के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके बहकावे में न आएं। पार्टी मुखिया के सभी ट्वीट को कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक पहुंचा रहे हैं। पदाधिकारियों के अलावा सभी सेक्टर प्रभारी इस काम में लगे हुए हैं। महानगर अध्यक्ष सुरेश भारती ने कहा कि विरोधी अपने मंसूबे में कभी कामयाब नहीं हो पाएंगे। विरोधी कितना भी दम लगा लें, लेकिन 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद बसपा पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएगी।