![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/25_06_2021-bjp_21771174_3.jpg)
RGA न्यूज़
भारतीय जनता पार्टी का प्रतीकात्मक फाइल फोटो,
2021 जनपद के 20 ब्लाकों में से 17 ब्लाकों में निर्विरोध चुनाव हुआ। सभी 17 सीटों पर भाजपा की जीत हुई थी। केवल तीन ब्लाकों में शनिवार को मतदान कराया गया। इसमें से एक पर भाजपा और दो पर निर्दलियों का कब्जा हो गया।
गोरखपुर, जनपद के सभी ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव परिणाम घोषित हो चुका है। जनपद के 20 ब्लाकों में 18 पर भाजपा का कब्जा हो गया है और दो ब्लाकों बड़हलगंज और उरुवा पर निर्दलियों की जीत हो गई है। उरुवा में भाजपा विधायक संत प्रसाद की पुत्रबधू शांति देवी चुनाव हार गईं हैं। हालांकि विधायक ने जीत के लिए पूरी ताकत लगाई हुई थी।
मालूम हो कि जनपद के 20 ब्लाकों में से 17 ब्लाकों में निर्विरोध चुनाव हुआ। सभी 17 सीटों पर भाजपा की जीत हुई थी। केवल तीन ब्लाकों में निर्विरोध न होने के कारण शनिवार को मतदान कराया गया। इसमें से एक पर भाजपा और दो पर निर्दलियों का कब्जा हो गया। इस तरह से जनपद के 18 ब्लाकों में भाजपा के ब्लाक प्रमुख चुने गए। इस चुनाव परिणाम में सपा पूरी तरह से साफ हो गई है। सपा कार्यकर्ताओं में इसे लेकर मायूसी है।
तीन सीटों पर हुआ मतदान
जिले के दक्षिणांचल में स्थित बड़हलगंज, उरुवा एवं बेलघाट ब्लाकों में मतदान की नौबत आई थी। सुबह 11 बजे से तीनों ब्लाकों में मतदान शुरू हुआ। दोपहर बाद तीन बजे तक हुए मतदान में बड़हलगंज में 91 में से 90 वोट पड़े, उरुवा में 101 मत पड़े जबकि बेलघाट में 96 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने वोट डाला। दोपहर बाद तीन बजे के बाद हुई मतगणना में बड़हलगंज में निर्दल प्रत्याशी रामाशीष राय को विजई घोषित किया गया। उन्हें 50 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी राजीव पांडेय को 40 मत प्राप्त हुए।
भाजपा विधायक की पुत्रबधू की हार चर्चा का विषय
उरुवा में भाजपा विधायक संत प्रसाद की पुत्रवधू शांति देवी भाजपा से ब्लाक प्रमुख पद की उम्मीदवार थी। उनके सामने प्रभावती देवी खड़ी थी। मतगणना के बाद प्रभावती को 61 मत मिले जबकि शांति देवी को मात्र 40 वोट मिले। भाजपा विधायक की पुत्रवधू की हार के बाद पूरे जिले में चर्चा शुरू हो गई है। जिले में भाजपा ने 20 में से 17 सीटों पर निर्विरोध विजय हासिल की थी। पार्टी के कद्दावर नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों मैं अपने स्वजन को ब्लाक प्रमुख बनाने में कामयाबी पाई थी लेकिन संत प्रसाद अपनी पुत्रवधू को प्रमुख नहीं बना पाए। मतदान की नौबत आने के साथ ही सबकी नजर उरुवा ब्लाक पर थीं। बेलघाट ब्लाक में हुए चुनाव में 92 वोट पड़े थे इसमें 64 भाजपा प्रत्याशी पूजा सिंह को मिले जबकि सपा प्रत्याशी शकुंतला को 32 मत ही मिले । विजई घोषित की गई भाजपा प्रत्याशी पूजा सिंह भाजपा नेता सूर्य प्रकाश सिंह कौशिक की पत्नी है।
यहां पर हुई भाजपा की जीत
कौड़ीराम ब्लाक पर पूर्व विधायक अंबिका सिंह का लंबे समय तक दबदबा रहा है। उनके पुत्र बिपिन सिंह गोरखपुर ग्रामीण से विधायक हैं। इस बार बिपिन की पत्नी नीता सिंह कौड़ीराम की निर्विरोध ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। विधायक विपिन सिंह ने खोराबार में अपने समर्थक एवं भाजपा प्रत्याशी शिव प्रसाद को निर्विरोध जीत दिलाने में कामयाबी हासिल की। इसी तरह से भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने अपने पुत्र को निर्विरोध पाली ब्लाक का प्रमुख बनवाया है। पिपराइच से भाजपा के टिकट पर तीन बार चुनाव लड़ चुके राधेश्याम सिंह वर्तमान में बीज प्रमाणीकरण निगम के उपाध्यक्ष हैं। राधेश्याम सिंह अपनी बहू को निर्विरोध निर्वाचित कराने में कामयाब रहे।
सभी ने अपनों को जिताया
कैंपियरगंज के विधायक फतेहबहादुर सिंह अपने नजदीकी अश्विनी कुमार को कैंपियरगंज से ब्लाक प्रमुख बनवाने में कामयाब रहे। खजनी के पूर्व प्रमुख रहे विकास सिंह ने अपने नजदीकी कार्यकर्ता कंवलदीप को सहजनवां से भाजपा का टिकट दिलवाया और निर्विरोध प्रमुख बनवाने में कामयाब रहे। बांसगांव ब्लाक पर लंबे समय तक दबदबा रखने वाले शिवाजी सिंह की एक बार फिर चली। भाजपा के टिकट पर उनकी समर्थक ब्लाक प्रमुख निर्वाचित होने में कामयाब रही हैं। चरगांवा ब्लाक में पूर्व प्रधान एवं भाजपा के महानगर मंत्री रहे रणविजय सिंह मुन्ना ने इस बार अपनी पत्नी वंदना सिंह को निर्विरोध ब्लाक प्रमुख निर्वाचित कराया है। जंगल कौडिय़ा में भाजपा नेता बृजेश यादव एक बार फिर ब्लाक प्रमुख बनने में कामयाब रहे। खजनी ब्लाक पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रहे गुलाब सिंह की पुत्रवधु अंशु सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।