RGA न्यूज दिल्ली
पॉलिटिकल डाटा फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका और राहुल गांधी के संंबंधों पर सवाल उठाए हैं। इस पर कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी ने कभी इस कंपनी की सेवाएं हायर नहीं कीं। हालांकि, कांग्रेस से निकाले गए लीडर शहजाद पूनावाला ने दावा किया है कि कैम्ब्रिज एनालिटिका की इंडियन पार्टनर ओवलेनो के अधिकारी अमरीश त्यागी राहुल और उनकी टीम के संपर्क में थे। बता दें कि भाजपा ने सवाल पूछा है कि राहुल के सोशल मीडिया प्रोफाइल में कैम्ब्रिज एनालिटिका का क्या रोल है? कैम्ब्रिज एनालिटिका के सीईओ अलेक्जेंडर निक्स को सस्पेंड कर दिया गया है। निक्स पर आरोप हैं कि उन्होंने 5 करोड़ से ज्यादा फेसबुक यूजर्स की प्राइवेट इन्फर्मेशन तक पहुंच बनाई और उसका चुनावों में गलत इस्तेमाल किया।
पूनावाला ने क्या दावा किया?
- पूनावाला ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, "सुरजेवाला कह रहे हैं कि कांग्रेस का कैम्ब्रिज एनालिटिका और उसके इंडियन पार्टनर ओवलेनो से कोई कनेक्शन नहीं है। ये वो फर्म है, जिस पर अब फेसबुक के डाटा को बिना इजाजत के हासिल करने और गलत इस्तेमाल के आरोप हैं। उनका (सुरजेवाला) का दावा झूठा है। 2017 से ही इस बारे में (राहुल-एनालिटिका कनेक्शन) नामी अखबारों में रिपोर्ट्स छप रही थीं। इन लोगों ने तब कुछ क्यों नहीं कहा? ओवलेनो के सीईओ 2011-12 में मेरे संपर्क में थे और वे इसलिए मुझसे संपर्क कर रहे थे ताकि उन्हें कांग्रेस के जरिए होने वाला कुछ काम मिल सके। इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि ओवलेनो के अमरीश त्यागी राहुल गांधी और उनकी टीम के साथ संपर्क में थे। अब तक कुछ नहीं था, लेकिन जब आज लॉ मिनिस्टर रविशंकर प्रसाद ने सवाल उठाया तो लीपापोती की कोशिश होने लगी।"
कांग्रेस ने क्या दावा किया?
- रणदीप सुरजेवाला ने कहा, "कैम्ब्रिज एनालिटिका से जुड़ी वेबसाइट दिखाती हैं कि 2010 में इसकी सेवाओं का इस्तेमाल बीजेपी-जेडीयू ने किया था। फर्म की इंडियन पार्टनर ओवलेनो बिजनेस इंटेलिजें(OBI) को बीजेपी की साथी पार्टी के सांसद के बेटे चलाते हैं। OBI की सेवाओं का इस्तेमाल 2009 में राजनाथ सिंह ने किया था। कांग्रेस या कांग्रेस अध्यक्ष ने कैम्ब्रिज एनालिटिका नाम की कंपनी के सेवाओं का कभी इस्तेमाल नहीं किया। ये कानून मंत्री का फेक एजेंडा है और सफेद झूठ है।"
- "अकेले प्रधानमंत्री फेसबुक के सिलिकॉन ऑफिस में बुलाए गए थे और उनका नाम है नरेंद्र मोदी। फेसबुक के हेडक्वॉर्टर में उन्होंने कहा था कि मार्क जुकरबर्ग बेहतरीन इनोवेटर हैं, लेकिन भारत लौटने के बाद वे उन्हें खलनायक साबित करना चाहते हैं। बीजेपी फेक न्यूज की फैक्ट्री है और उसने आज नया फेक प्रोडक्ट बनाया है। ऐसा लगता है कि बीजेपी के हर शख्स और इसके "लॉलेस' लॉ मिनिस्टर रविशंकर प्रसाद का चरित्र बन गया है फेक स्टेटमेंट देना, फेक प्रेस कॉन्फ्रेंस करना और फेक एजेंडा लाना।"