![Praveen Upadhayay's picture Praveen Upadhayay's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-4-1546617863.jpg?itok=SmNXTJXo)
RGA न्यूज़ संवाददाता,नई दिल्ली
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने दिल्ली की सातों लोकसभा सीट पर विजय हासिल करने के लिए रविवार को हुंकार भरी। चांदनी चौक जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से करोलबाग में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ भाजपा और आप पर निशाना भी साधा।
लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी को मजबूत बनाने के लिए दिल्ली कांग्रेस की ओर से सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत पहला सम्मेलन रविवार को हुआ। सम्मेलन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान व अन्य पदाधिकारियों ने शीला दीक्षित का बड़े तिरंगे हार से स्वागत करने के साथ उन्हें गदा भी भेंट की। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव से पहले बड़े-बड़े वायदे किए थे। लेकिन, उनके सभी वायदे खोखले साबित हुए हैं। भाजपा की केंद्र सरकार ने नोटबंदी करके देश को बर्बाद कर दिया। वहीं, जीएसटी लागू करके व्यापारी वर्ग की कमर तोड़ दी। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस की सरकार सत्ता में आती है, ज्यादा से ज्यादा लाभ किसानों, मजदूरों, गरीबों तथा समान्य जन को देती है। जबकि, भाजपा सरकार हमेशा अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के दलदल में पूरी तरह से डूबी हुई है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में लोगों की भागीदारी से उत्साहित शीला दीक्षित ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत से ही पार्टी चलती है। अब मैं विश्वास से कह सकती हूं कि आने वाले समय में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसुफ, राजेश लिलोठिया, पूर्व मंत्री रमाकांत गोस्वामी, मंगतराम सिंघल, डॉ. नरेन्द्र नाथ आदि भी मौजूद रहे।