कांग्रेस ने जारी की 2nd लिस्ट: UP की 16 और महाराष्ट्र की 5 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

Praveen Upadhayay's picture

RGA News

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार को पार्टी उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इसमें उत्तर प्रदेश की 16 और महाराष्ट्र की पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। पार्टी की ओर से जारी सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, श्रीप्रकाश जायसवाल तथा मिलिंद देवड़ा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर, पूर्व सांसद प्रिया दत्त, संजय सिंह और किसान कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले के नाम शामिल हैं। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।

पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल कानपुर से चुनाव लड़ेंगे जो उनकी पारंपरिक सीट मानी जाती है। हालांकि 2014 के चुनाव में वह भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी से हार गए थे। गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले संजय सिंह को कांग्रेस ने सुल्तानपुर से उम्मीदवार बनाया है। फिलहाल वह राज्यसभा सदस्य हैं। हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं सांसद सावित्री बाई फुले को उनकी सीट बहराइच से ही कांग्रेस ने टिकट दिया है। उन्होंने कुछ महीने भाजपा छोड़ी थी।

कांग्रेस ने महाराष्ट्र के सोलापुर संसदीय क्षेत्र से पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंद चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले को नागपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। नागपुर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी वर्तमान सांसद हैं।

मशहूर फिल्म अभिनेता सुनील दत्त की पुत्री एवं पूर्व सांसद प्रिया दत्त को मुंबई उत्तर-मध्य से टिकट दिया गया है। दअरसल, प्रिया दत्त ने पहले चुनाव लड़ने से मना किया था, लेकिन हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कहने पर वह चुनावी समर में फिर से उतरने के लिए तैयार हुईं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा को मुंबई दक्षिण से चुनाव लड़ेंगे तो गढ़चिरौली- चिमूर से नामदेव दल्लूजी उसेंदी को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस ने हाल ही में उत्तर प्रदेश 11 और गुजरात की चार सीटों के लिए लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पहली सूची में संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नाम थे। इस तरह से पार्टी उत्तर प्रदेश में अब तक 27 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

11 अप्रैल से 19 मई तक 7 चरणों में होने हैं चुनाव
चुनाव आयोग ने बीते 10 मार्च को लोकसभा और चार राज्यों- आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम में विधानसभा के चुनाव का कार्यक्रम घोषित दिया है। इसके तहत सात चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई तक होने वाले मतदान के बाद 23 मई को मतगणना होगी। उल्लेखनीय है कि 2014 में 16वीं लोकसभा का चुनाव नौ चरण में कराया गया था।

पहले चरण के लिये 11 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिये 18 मार्च को अधिसूचना जारी होने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया शुरु हो जायेगी। जो कि 23 मई को मतगणना के बाद 27 मई को पूरी होगी।

अरोड़ा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों के लिये 11 अप्रैल को मतदान होगा। दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 लोकसभा सीटों पर 18 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिये 19 मार्च को अधिसूचना जारी होगी। जबकि तीसरे चरण में 14 राज्यों की 115 सीटों पर 23 अप्रैल को प्रस्तावित मतदान की अधिसूचना 28 मार्च को जारी होगी।

इसी तरह चौथे चरण में नौ राज्यों की 71 लोकसभा सीटों पर 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिये दो अप्रैल को, पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर छह मई को होने वाले मतदान के लिये दस अप्रैल को, छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर 12 मई को होने वाले मतदान के लिये 16 अप्रैल को और सातवें व अंतिम चरण में आठ राज्यों की 59 सीटों पर 19 मई को होने वाले मतदान के लिये 22 अप्रैल को अधिसूचना जारी होगी।

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.