RGA News
श्रीलंका में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की भारत ने निंदा की है। वहीं पाकिस्तान ने कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ वह श्रीलंका के साथ खड़ा है। ..
नई दिल्ली एजेंसी। श्रीलंका, रविवार को चर्च और होटलों में हुए सिलसिलेवार धमाकों से दहल गया। इसमें कम से कम 52 लोगों की मौत हो गई है जबकि 280 लोगों के घायल होने की खबर है। इन हमलों की भारत समेत पूरी दुनिया भर में निंदा हो रही है। भारत ने कहा है कि वह स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है। वहीं श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने धमाकों पर गहरा शोक जताया है और देशवासियों से शांति की अपील की है।
भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने इन हमलों पर दुख और शोक जताया है। उन्होंने कहा कि ईस्टर रविवार के पवित्र मौके पर कोलंबो में हुए धमाकों में हताहत मासूम नागरिकों और उनके परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ्य कामना करता हूं। ईश्वर पीडि़त परिजनों को शोक की इस घड़ी में धैर्य और साहस दें। वहीं सुषमा स्वराज ने कहा है कि मैं कोलंबो स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में हूं। हम हालात पर गहरी नजर बनाए हुए हैं।
वहीं पाकिस्तान ने भी इन हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि वह इस मुश्किल घड़ी में श्रीलंका सरकार और वहां के लोगों के साथ खड़ा है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैजल ने कहा कि वह ऐसे आतंकी हमलों की निंदा करते हैं। आतंकवाद के खिलाफ वह श्रीलंका की सरकार के साथ खड़े हैं। भारतीय नेताओं में ममता बनर्जी, शशि थरूर और सुखबीर सिंह बादल ने भी इन हमलों की निंदा की है।