![Raj Bahadur's picture Raj Bahadur's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-13-1546707786.jpg?itok=_bTDIAhC)
RGANews
गोरखपुर के रेतीरोड पर बुधवार की दोपहर बुर्का पहने एक महिला ने बाइक सवार एक युवक को 2000 रुपये का चूना लगा दिया। चूरन वाला 2000 का नोट थमाकर उसने युवक से फुटकर ले लिया। युवक ने थोड़ी दूर जाकर बाइक में जब पेट्रोल भरवाया तो उसे अपने ठगे जाने की जानकारी हुई।
पीपीगंज क्षेत्र स्थित सिसई गांव निवासी सनी बाइक से गोरखपुर आया था। वह किसी काम से रेती रोड पर गया था। वह एक दुकान के सामने बाइक खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहा था। इसी बीच बुर्का पहने एक महिला उसके पास पहुंची। उसने सनी को एक नोट थमाया और मिन्नतें की कि उसे फुटकर की जरूरत है। सनी ने उसे मजबूर देखकर 500-500 के चार नोट थमा दिए और उसके हाथ से 2000 के नोट ले लिए।
काम निपटाने के बाद सनी रुस्तमपुर के आगे एक पेट्रोल पम्प पर पहुंचा। उसने बाइक में पेट्रोल डलवाया और महिला से लिया नोट थमा दिया। पेट्रोल पम्प कर्मचारी ने नोट हाथ में ही लेते सनी को फटकार लगानी शुरू कर दी। उसने जब यह कहा कि यह नोट चूरन वाला है तो सनी के होश उड़ गए। उसे अपने ठगे जाने का अहसास हुआ। उसने पेट्रोल पम्प कर्मचारी को आपबीती सुनाई और महिला को ढूंढने के लिए रेती रोड पहुंच गया। हालांकि महिला बुर्का पहने थी और वह उसका चेहरा भी ठीक से नहीं देख सका था लिहाजा उसे निराशा हाथ लगी।