
RGA news
Anand Mahindra ट्विटर पर सबसे अधिक एक्टिव रहने वाले उद्योगपति हैं।...
नई दिल्ली :- टाटा सन्स के मानद चेयरमैन रतन टाटा 2019 में गूगल पर सबसे अधिक सर्च किये जाने वाले बिजनेस लीडर हैं। गूगल ने 'ईयर इन सर्च 2019' रिपोर्ट रिलीज की है। इस सूची में भारतीय वायुसेना के पायलट अभिनंदन वर्तमान पहले स्थान पर हैं। वहीं, उद्योगपतियों में टाटा पहले नंबर पर हैं। इसके बाद विप्रो के अजीम प्रेमजी और आर्सेलर मित्तल के एल एन मित्तल का स्थान है। दिलचस्प है कि पहले दस लोगों की सूची में एशिया के सबसे अमीर शख्सियत मुकेश अंबानी, पेटीएम के विजय शेखर शर्मा और ओयो को फाउंडर रितेश अग्रवाल जैसे उद्योगपतियों के नाम शामिल नहीं हैं।
1. रतन टाटा: रतन टाटा 2019 में सबसे अधिक सर्च किये गए भारतीय कारोबारी शख्सियत हैं। टाटा शनिवार को अपना 82वां जन्मदिन मना रहे हैं। 2012 में टाटा समूह के चेयरमैन पद से रिटायर होने के बावजूद वह टाटा ट्रस्ट और टाटा सन्स के मानद चेयरमैन हैं। रतन टाटा को देश के एक पारंपरिक कॉरपोरेट घराने को 100 अरब डॉलर का कारोबारी समूह बनाने का श्रेय जाता है। टाटा को वर्ष 2008 में देश का दूसरा सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
2. अजीम प्रेमजी: अजीम प्रेमजी ने कूकिंग ऑयल की कंपनी विप्रो को 8.5 अरब डॉलर की दिग्गज आईटी कंपनी बना डाला। भारत में वह अपनी परोपकारी गतिविधियों के लिए जाने जाते हैं।
3. लक्ष्मी निवास मित्तल: सबसे अधिक सर्च किये गए बिजनेस लीडर्स में लक्ष्मी मित्तल का नाम तीसरे स्थान पर है। उनकी कंपनी ArcelorMittal ने इसी महीने Essar Steel का अधिग्रहण करते हुए भारतीय बाजार में प्रवेश किया।
4. साइरस एस पूनावालाः आपने पूनावाला को खबरों में नहीं सुना होगा लेकिन वह गूगल पर काफी लोकप्रिय व्यक्तियों में से एक हैं। पूनावाला 77 वर्ष के हैं और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया का संचालन करते हैं। यह विश्व का सबसे बड़ा वैक्सिन मैन्यूफैक्चरर है।
5. आनन्द महिंद्राः वह ट्विटर पर बहुत अधिक सक्रिय रहने वाले उद्योगपति हैं। उन्हें परोपकार से जुड़ी चीजों के लिए भी जाना जाता है।
शिव नाडरः नाडर इस लिस्ट में छठे स्थान पर हैं। वह 8.6 अरब डॉलर की आईटी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज के संस्थापक हैं। नाडर भी अपनी परोपकारी गतिविधियों के लिए चर्चा में रहते हैं।
7. गौतम अडाणीः हाल के वर्ष में अडाणी समूह का जबरदस्त उदय हुआ है। वह 57 वर्ष के हैं और अडाणी इंटरप्राइजेज, अडाणी पावर, अडाणी ट्रांसमिशन्स और अडाणी गैस का संचालन करते हैं।
8. किरण मजूमदार शॉः वह एशिया की प्रमुख बॉयोटेक कंपनी बॉयोकॉन की चेयरपर्सन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। वर्ष 2010 में इनका नाम दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल किया गया था।
9. उदय कोटकः कोटक महिंद्रा बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ उदय कोटक अक्सर खबरों में रहते हैं। इनका जन्म 15 मार्च, 1959 को हुआ था।
10. राधाकृष्ण दमानीः इन्होंने स्टॉक ब्रोकर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। दमानी को भारतीय रिटेल जगत का किंग कहा जाता है।