RGA न्यूज़ दिल्ली गाजियाबाद
मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर अभिभावकों का समर्थन किया।...
गाजियाबाद : गाजियाबाद पैरेंट्स एसोसिएशन के बैनर तले मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठीं तीन महिलाओं को मंगलवार को पूरे सात दिन हो गए। तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है। दो महिलाओं को पहले ही अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था, जबकि एक की तबीयत मंगलवार को ज्यादा नाजुक होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर अभिभावकों का समर्थन किया।
तिमाही फीस माफी सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर गाजियाबाद पैरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष सीमा त्यागी सहित तीन महिलाएं भूख हड़ताल पर बैठी हैं। इनमें चौथे दिन साधना सिंह की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। वहीं पांचवें दिन भारती शर्मा की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन बाद ही साधना सिंह की हालत में सुधार होते ही वह फिर से भूख हड़ताल में शामिल हो गई। मंगलावार को एसोसिएशन की अध्यक्ष सीमा त्यागी की हालत ज्यादा नाजुक होने पर उन्हें न्यू सर्वोदय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उनका कोरोना की जांच कराई तो रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अभिभावकों का कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। भूख हड़ताल के दौरान अधिकारियों का आना जाना तो लगा है, लेकिन कोई सकारात्मकता दिखाई नहीं दी है। अभिभावकों को सभी राजनीतिक पार्टियों और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। मंगलवार को प्रियंका गांधी वाड्रा और आम आदमी पार्टी के सांसद उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टियों और सामाजिक संगठनों से ट्वीट कर अभिभावकों का समर्थन किया।