मुरादाबाद मंडल के सम्‍भल में सामने आया भाजपा का आंतर‍िक व‍िवाद, 11 सभासदों ने दिया सामूहिक त्यागपत्र

harshita's picture

RGA न्यूज़

भाजपा चन्दाैसी में अब सामने आने लगा अतर्कलह,

सम्‍भल में नगर पालिका चन्दौसी इन दिनों राजनीतिक अखाड़ा बना हुआ है। सभासद मांगों के साथ ही नगर पालिका चेयरमैन पर आराेप लगाते हुए मुखर हैं। इसी कडी में बोर्ड की प्रस्तावित बैठक के पहले ही हंगामा हो गया।

मुरादाबाद, सम्‍भल में नगर पालिका चन्दौसी इन दिनों राजनीतिक अखाड़ा बना हुआ है। सभासद मांगों के साथ ही नगर पालिका चेयरमैन पर आराेप लगाते हुए मुखर हैं। इसी कड़ी में बोर्ड की प्रस्तावित बैठक के पहले ही हंगामा हो गया। सभासद एकता मंच के जरिए भाजपा के पांच, सपा के तीन तथा तीन निर्दल सभासदों ने पालिका अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए सामूहिक इस्तीफा दे द‍िया है। इसकी काॅपी जिलाधिकारी को भी है। इसके साथ ही चन्दौसी भाजपा में अंदरखाने चल रहा विरोध और नगर पालिका की राजनीति भी गरम है।

नगरपालिका के 11 सभासदों ने सभासद एकता संघ के जरिए जारी प्रेस विज्ञप्ति में सामूहिक रूप से अपने त्याग पत्र जिलाधिकारी को भेजा है। उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष व ईओ की कार्य प्रणाली से क्षुब्ध होकर अपने त्याग पत्र सौंपे है। 14 जून को हुई बैठक का सभासदों ने बहिष्कार किया था। इसके बाद फिर बैठक होनी थी। सभासद एकता संघ के बैनर तले नगरपालिका के 11 सभासदों ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने इस त्याग पत्र में नगरपालिका अध्यक्ष व ईओ पर तमाम तरह के आरोप लगाए हैं। सभासदों का आरोप है कि तीन वर्ष से अधिक हो गए हैं। अभी तक केवल आठ बार ही बोर्ड की बैठक हुई है, इसमें तीन बैठक बजट की भी शामिल है। जबकि बोर्ड की बैठक हर माह होनी चाहिए और सभासद प्रत्येक माह बैठक कराने की मांग करते आए हैं। इसके अलावा नगरपालिका में व्याप्त अनियमितता की शिकायत जिलाधिकारी से की गई थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने 31 मई को नगरपालिका अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब देने को कहा था। इस दौरान जवाब देने तक नगरपालिका अध्यक्ष कोई भी प्रशासनिक व वित्तीय कार्य नहीं कर सकतीं हैं। उक्त कार्य जिलाधिकारी से व उनके किसी प्रतिनिधि से कराए जाने का प्रावधान है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। निर्वाचित होने के बाद से लगातार सभासदों की उपेक्षा की जा रही है। क्षुब्ध होकर सामूहिक त्यागपत्र दिए जा रहे हैं।

इन्होंने दिया है सामूहिक इस्तीफा

भाजपा के अर्पित कुमार वाष्र्णेय, भाजपा की अन्नपूर्णिमा जैन, निर्दल सागर सूरी, भाजपा के धारा सिंह, भाजपा के सचींद्र यादव, भाजपा की रागिनी शर्मा, निर्दल मनोज कुमार, निर्दल विमल कुमार चौधरी, समाजवादी पार्टी के मुहम्मद नईम, समाजवादी पार्टी की गीता देवी, समाजवादी पार्टी के मुहम्मद गुलनवाज खां।

चन्दाैसी नगर पालिका में सभासदों के इस्तीफा की जानकारी मुझे नहीं है। वहां क्या चल रहा है, इससे भी किसी ने मुझे अवगत नहीं कराया है। नगर पालिका में नोकझोंक चलती रहती है इसे दिखवाया जाएगा।

ओमवीर खडगवंशी जिलाध्यक्ष भाजपा।

कुछ सभासद मेरे कैंप कार्यालय पर आए थे। ज्ञापन सौंपा है। उनके सामूहिक त्यागपत्र दिए जाने की कोई जानकारी मेरे पास है। इसका पता लगाया जाएगा।

राजकुमार ईओ नगर पालिका चन्दौसी।

यह सब समाजवादी पार्टी की साजिश हैै। भाजपा के सभासदों को भी उनके द्वारा बरगलाया जा रहा है। उनकी कोशिश है कि नगर पालिका के जरिए विकास कार्य थम जाए और उनका लाभ हो। जो भी सभासद इसमें शामिल हैं उन सबसे बातचीत के जरिए इसका समाधान निकाला जाएगा।

इंदू रानी, अध्यक्ष नगर पालिका चन्दौसी

News Category: 

Scholarly Lite is a free theme, contributed to the Drupal Community by More than Themes.