RGA न्यूज़
प्रशासन ने तुड़वाया कोसी नदी पर बना अस्थायी लालपुर पुल।
मंडल के रामपुर में कोसी नदी पर बने अस्थायी लालपुर पुल को प्रशासन ने शुक्रवार को तुड़वा दिया। इस पुल के टूटने से टांडा समेत सौ गांव के लाखों लोग परेशान होंगे। काफी समय से वे इसी पुल से होकर आवागमन कर रहे थे।
मुरादाबाद, मंडल के रामपुर में कोसी नदी पर बने अस्थायी लालपुर पुल को प्रशासन ने शुक्रवार को तुड़वा दिया। इस पुल के टूटने से टांडा समेत सौ गांव के लाखों लोग परेशान होंगे। काफी समय से वे इसी पुल से होकर आवागमन कर रहे थे।
कोसी नदी पर नवाबी दौर में लालपुर पुल बना था, जो जर्जर होने के कारण 2016 में तुड़वा दिया गया। सरकार ने इसके स्थान पर नए पुल के निर्माण की शुरुआत करा दी। पिलर बनकर तैयार हो गए थे, लेकिन बाद में शासन ने पैसा नहीं दिया। इस कारण पुल निर्माण कार्य अधर में लटका रहा। पिछले साल 23 सितंबर को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य यहां आए और दोबारा निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। साथ ही शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा कराने के आदेश दिए। लेकिन, अभी तक निर्माण शुरू ही नहीं हो सका है। इस बीच प्रशासन ने लोगों की समस्या को देखते हुए नदी पर अस्थायी पुल बनवा दिया था, जो बरसात शुरू होने से पहले तोड़ा जा रहा है। शुक्रवार को कर्मचारियों ने जेसीबी से पुल को तोड़ना शुरू कर दिया। इस पुल के टूटने से लाखों लोगों को परेशानी होगी। टांडा तहसील के लोग जिला मुख्यालय आने के लिए दूसरे रास्तों के चक्कर लगाएंगे। इससे उनका समय और पैसा ज्यादा खर्च होगा। वे इसी पुल के सहारे आते और जाते थे।