![harshita's picture harshita's picture](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/styles/thumbnail/public/pictures/picture-2585-1622647100.jpg?itok=uOzLfLx7)
![](https://bareilly.rganews.com/sites/bareilly.rganews.com/files/news/27_06_2021-accident_in_rampur_21776962.jpg)
RGA न्यूज़
नैनीताल रोड पर नाले में गिरी कार, चार पर्यटकों की मौत
मंडल के रामपुर में थाना गंज क्षेत्र में नैनीताल रोड पर ग्राम ताशका के सामने एक कार नाले में जा गिरी। कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई। ये सभी लोग दिल्ली के थे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मची रही।
मुरादाबाद, मंडल के रामपुर में नैनीताल रोड पर बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से नैनीताल पर्यटन के लिए जा रही कार संतुलन बिगड़ने की वजह से नाले में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। चीख-पुकार सुनने के बाद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई थी लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ी और शवों को बाहर निकाला।
दक्षिणी दिल्ली के राजगढ़ कॉलोनी निवासी मनोज जैन का कपड़े सिलाई का कारखाना है। रविवार सुबह वह अपने तीन कर्मचारियों के साथ नैनीताल जा रहे थे। गंज थाना क्षेत्र में ताशका के पास उनकी स्पोर्ट कार नाले में गिर गई। कार पलट जाने की वजह से चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देख राहगीर रुक गए और फिर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कार करीब 10 फीट गहरे नाले में थी। इस कारण उसे निकालना भी मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने क्रेन मंगाई और फिर उसकी मदद से सभी को बाहर निकाला। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के बारे में उनके स्वजनों को भी सूचना दे दी। थाना गंज प्रभारी किशन अवतार ने बताया कि राजगढ़ कॉलोनी दक्षिणी दिल्ली निवासी मनोज जैन का कपड़े सिलाई का कारखाना है। उसमें सोनू पुत्र मखदूम सिंह निवासी गौतमपुरी न्यू सीलमपुर नई दिल्ली, राजेंद्र पुत्र विक्रम सिंह निवासी गोकुलपुरी दिल्ली, दीपक पुत्र पन्नालाल निवासी ब्रह्मपुरी थाना भजनपुरा नई दिल्ली काम करते थे। ये चारों लोग नैनीताल घूमने के लिए जा रहे थे। रविवार सुबह नाले में कार गिर गई और चारों को ही मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर घटना के बाद चारों के परिवार के लोग बदहवास हैं। हादसे की खबर सुनकर एक बार तो उन्हें यकीन की नहीं हुआ लेकिन बाद में सच्चाई सामने आने पर वे बदहवास हो गए।