Rga news
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम चार बजे सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार के मैदान में विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। ...
मुरादाबाद:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम चार बजे सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार के मैदान में विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। मोदी भाजपा के लिए मंडल की चारों सीटों पर माहौल बनाएंगे। प्रधानमंत्री मुरादाबाद, सम्भल रामपुर और अमरोहा को साधेंगे। रैली के लिए एक लाख की भीड़ जुटाने के लिए संगठन ने ताकत झोंक दी है। इसके लिए दिन भर बैठकें चलती रहीं। संगठन के धुरंधरों ने बैठकें कीं और तैयारियों की समीक्षा की। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय सिंह से लेकर जनप्रतिनिधियों ने बाजारों में दिन भर जनसंपर्क किया। कवर्ड पंडाल में होने वाली रैली में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर सर्किट हाउस के पीछे बने अस्थाई हेलीपैड पर उतरेगा। वहां से कार द्वारा प्रधानमंत्री रैली स्थल पर पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए एसपीजी ने डेरा डाल दिया है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। बम निरोधक दस्ते और एंटी माइन की टीमों ने दिन भर रैली स्थल का खंगाला। अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन अविनाश चंद्र ने रैली स्थल पर सुरक्षा को परखा और पुलिस ब्रीफिंग की। रैली स्थल के आसपास के घरों की छतों पर सुरक्षा के मद्देनजर जवान रहेंगे। पूरे क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। वहीं प्रधानमंत्री के साथ मंच पर 25 लोग रहेंगे।