RGA News, दिल्ली
नई दिल्ली:- भारत के अब तक जितने भी प्रधानमंत्री हुए हैं उनकी यादों को सहेजनेवाला 'म्यूजियम ऑन प्राइम मिनिस्टर्स ऑफ इंडिया' अगले साल मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) ने हर हाल में म्यूजियम के निर्माण कार्य को अगले साल मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह म्यूजियम तीन मूर्ति भवन परिसर में बन रहा है जहां पर नेहरू मेमोरियल म्यूजियम और लाइब्रेरी (एनएमएमएल) स्थित है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीपीडब्ल्यूडी ने म्यूजियम के निर्माण को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए सिविल कार्य, लिफ्ट लगाने, एक्सलेटर, सीसीटीवी तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट समेत अन्य कार्यो के लिए एक प्राइवेट एजेंसी को चुना है।
बता दें कि तीन मूर्ति भवन भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का सरकारी आवास था। नेहरू की स्मृति में यहां केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान एनएमएमएल की स्थापना की गई थी।
अधिकारी ने बताया कि म्यूजियम के भवन का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। सीपीडब्ल्यूडी की एक बोर्ड बैठक में भवन की फिनिशिंग समेत सिविल कार्य को जल्द पूरा करने के लिए एक प्राइवेट एजेंसी का चयन कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि इन कार्यो में लगभग 66 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
अधिकारी ने कहा कि हमने म्यूजियम के भवन का निर्माण कार्य पूरा कर मार्च 2020 तक इसे केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय को सौंपने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बता दें कि जुलाई 2018 में जब यहां म्यूजियम बनाने की घोषणा की गई थी तब कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध किया था। तब तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया था कि म्यूजियम बनाने का उद्देश्य 17 वर्ष तक देश के प्रधानमंत्री रहे नेहरू की विरासत को कम करना नहीं है।